'फुकरे 3' को बायकॉट करने पर तुले हेटर्स, ऋचा चड्ढा के खिलाफ खोला मोर्चा

    गल्वान घाटी को लेकर दिए बयान की वजह से अभिनेत्री ऋचा चड्ढा मुसीबत में फंसती नजर आ रही हैं। माफी मांगने के बाद भी लोग ऋचा चड्ढा की फिल्म 'फुकरे 3' को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं। 

    'फुकरे 3' को बायकॉट करने पर तुले हेटर्स, ऋचा चड्ढा के खिलाफ खोला मोर्चा

    बॉलीवुड अदाकारा ऋचा चड्ढा इंडस्ट्री की सबसे विवादित हसीनाओं में से एक हैं। ऋचा चड्ढा अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से विवाद खड़ा कर देती हैं। कुछ समय पहले ही ऋचा चड्ढा ने गल्वान घाटी में हुए संघर्ष को लेकर एक बयान दिया था। ऋचा चड्ढा ने सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के ट्वीट पर कमेंट किया था। लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने लिखा था कि भारतीय सेना पीओके को नियंत्रण में लेने के लिए सरकार के आदेश का इंतजार कर रही है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋचा चड्ढा ने 'गल्वान हाय' लिख दिया था। ऐसा करते ही ऋचा चड्ढा लोगों के निशाने पर आ गईं। लोग कह रहे हैं कि ऋचा चड्ढा भारतीय सैनिकों की शहादत का मजाक बना रही हैं। 

    भयंकर ट्रोलिंग होने के बाद ऋचा चड्ढा ने जमाने के सामने माफी भी मांगने में देर नहीं की। इतना ही नहीं ऋचा चड्ढा ने तो अपना कमेंट भी डिलीट कर दिया था। ऋचा चड्ढा ने कहा है कि वो किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहती थीं। इतना सब करने के बाद भी लोगों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यही वजह है जो लोगों ने अब ऋचा चड्ढा की फिल्म फुकरे 3 को बायकॉट करने की मांग करनी शुरू कर दी है। 

    एक यूजर ने ऋचा चड्ढा की लताड़ लगाते हुए लिखा, 'ये लड़की भारतीय सैनिकों की इज्जत नहीं करती है। तुम जैसे लोग पैसे के लिए कुछ भी कर सकते हो। तुम लोगों को शर्म आनी चाहिए।' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'बीते कुछ समय में बॉलीवुड की कई फिल्मों को बायकॉट किया जा चुका है। अब फुकरे 3 की बारी है। ऋचा चड्ढा को बताना होगा कि भारतीय सैनिकों का सम्मान किस तरह किया जाता है। बॉलीवुड के लोगों को उनकी जगह दिखानी ही होगी।' 

    गौरतलब है कि फुकरे बॉलीवुड की एक पॉपुलर फ्रेंचाइजी फिल्म है जिसका तीसरा पार्ट जल्द ही रिलीज होना है। इस फिल्म में ऋचा चड्ढा के साथ पुलकित सम्राट, मनोज सिंह, अली फजल, पंकज त्रिपाठी और वरुण शर्मा जैसे सितारे नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को मृगदीप सिंह लांबा ने डायरेक्ट किया है। 

    Tags