खेसारी लाल यादव के सपोर्ट में पवन सिंह ने खोला मोर्चा, मिनटों में भुलाई सालों पुरानी दुश्मनी?
भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव अपनी लेटेस्ट वीडियो की वजह से लगतार सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच पवन सिंह, खेसारी लाल यादव के सपोर्ट में उतर आए हैं।

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के सितारे इस समय गर्दिश में चल रहे हैं। कुछ समय पहले ही एक वीडियो शेयर करके खेसारी लाल यादव ने अपना दर्द फैंस के साथ शेयर किया था। खेसारी लाल यादव ने इस वीडियो में बताया था कि किस तरह से कुछ उनकी बेटी का नाम एक अश्लील गाने के साथ जोड़ रहे हैं। खेसारी लाल यादव से दुश्मनी निकालने के लिए ऐसा किया गया था। अपनी बेटी का जिक्र करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा था कि वो भोजपुरी सिनेमा भी छोड़ने के लिए तैयार हैं लेकिन वो अपनी बेटी का नाम बदनाम होते नहीं देख सकते।
खेसारी लाल यादव का ये वीडियो के सामने आने के बाद भोजपुरी सिनेमा 2 हिस्सों में बंट गया है। कुछ लोग खेसारी लाल यादव को सपोर्ट कर रहे हैं तो कुछ उनकी कमियां गिना रहे हैं। इसी बीच भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, खेसारी लाल यादव के सपोर्ट में उतर आए हैं। पवन सिंह ने लोगों से ऐसी हरकतें करने से मना किया है।
एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए पवन सिंह ने कहा, 'अगर मुझसे कोई गलती हुई है तो मुझे बताओ। जमाने के सामने ढिंढोरा पीटने का कोई मतलब नहीं है। हमें किसी की मां बहन और बेटी के बारे में बोलने का कोई हक नहीं है। किसी का नाम बदनाम करना अच्छी बात नहीं है। किसी को भी गंद मचाने की जरूरत नहीं है। हमारी भी मां और बेटी है। मैं गुस्से में आकर कोई बयान नहीं देना चाहता।'
आगे पवन सिंह ने कहा, 'इस तरह की घटनाएं देखकर मुझे बुरा लगता है। मैं नहीं चाहता हूं कि कोई भोजपुरी सिनेमा पर सवाल खड़ा करे। अगर ऐसा होगा तो इससे भोजपुरी सिनेमा को ही नुकसान होगा।' पवन सिंह के इस बयान को सुनकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि शायद उन्होंने खेसारी लाल यादव से अपनी लड़ाई खत्म कर ली है। खेसारी लाल यादव और पवन सिंह को लोग जानी दुश्मन के तौर पर जानते हैं।