राजेंद्र कुमार के बंगले ने बदल दी थी राजेश खन्ना की किस्मत...जानिए

    राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में उनके बंगले आशीर्वाद का जादू है। ये वही बंगला है जो कभी अपने ज़माने के मशहूर एक्टर राजेंद्र कुमार का आशियाना डिंपल हुआ करता था।

    राजेंद्र कुमार के बंगले ने बदल दी थी राजेश खन्ना की किस्मत...जानिए

    हमारी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सितारे किस्मत पर बहुत विश्वास करते हैं। किस्मत और मेहनत ही तो है जो रिजेक्ट होने के बाद अमिताभ बच्चन आज तक छाये हुए हैं। शाहरुख़ खान छोटे पर्दे से उठकर आज बड़े पर्दे के किंग है। ऐसी किस्मत हमारे काका राजेश खन्ना की भी चमकी थी। ऐसा कहा जाता है कि राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में उनके बंगले आशीर्वाद का जादू है। ये वही बंगला है जो कभी अपने ज़माने के मशहूर एक्टर राजेंद्र कुमार का आशियाना डिंपल हुआ करता था।

    बात 1960 के दशक की है। उस समय फिल्म इंडस्ट्री के चुनिंदा लोगों के पास बंगले हुआ करते थे। ये वही समय था जब राजेंद्र कुमार हिंदी फिल्मों में कमाल कर रहे थे। उस समय राजेंदेर कुमार अपने लिए नया आशियाना तलाश रहे थे। बातों ही बातों में मुंबई के कार्टर रोड स्थति नौशाद साहब के बंगले के बगल वाले दो मंजिला बंगले का ज़िक्र हुआ। उस समय इस बंगले को भुतहा बंगला कहा जाता था। राजेंद्र को ये आशियाना पसंद तो आया लेकिन उस समय उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि ये खरीदा जा सके। ऐसे में उन्होंने बीआर चोपड़ा से उनकी फिल्मों में काम करने के बदले में अडवांस पैसे लिए और इस भुतहा बंगले को खरीद लिया। बंगले का नाम डिंपल रखा। ऐसा कहा जाता है कि जैसे ही राजेंद्र अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहने लगे उनकी किस्मत बदल गई। उनकी फिल्में कई हफ्ते सिनेमाघरों में चलती। इसलिए उन्हें जुबली कुमार का नाम भी दिया गया। किस्मत ऐसी बदली कि उन्होंने पाली हिल्स के पास एक और शानदार बंगला खरीद लिया। खास बात ये रही कि इसका नाम भी उन्होंने डिंपल ही रखा। ये वो दौर था जब राजेश खन्ना भी इंडस्ट्री में कदम रख चुके थे। वो अपनी किस्मत चमकने का इंतजार कर रहे थे।

    उस समय राजेश खन्ना को ये बात पता चली थी कि राजेंद्र कुमार का बंगला किस्मत चमकाने वाला है। ऐसे में वो अपने करियर के शुरुआती सालों में ही उसे खरीदना चाहते थे। उन्होंने राजेंद्र कुमार से बंगला खरीदने की इच्छा जताई। वहीं एक्टर ने बिना अपने परिवार के परामर्श के अपना बंगला डिंपल राजेश खन्ना को करीब साढ़े तीन लाख में बेच दिया। ये उस समय के हिसाब से बड़ी कीमत थी। फिर क्या था, जैसा राजेश खन्ना ने सोचा था वैसा ही हुआ। बंगले में प्रवेश किया और इसका नाम डिंपल से बदल कर आशीर्वाद कर दिया। लेकिन खासियत रही कि ये डिंपल नाम उनसे पीछे नहीं छूटा पाया। आगे डिंपल कपाड़िया उनकी पत्नी बनी।

    आशीर्वाद बंगले में रहने के बाद राजेश खन्ना देश के पहले सुपरस्टार बने। उनकी फिल्मों ने कमाल किया। लगातार 12 फिल्में हिट रही। घर के बाहर प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स की लाइन लगी रहती थी। गाने मुंह जबानी लोगों को याद थे। लड़कियां एक झलक के लिए घंटों कार्टर रोड पर बैठी रहती थीं। राजेश खन्ना पॉपुलैरिटी को देखते हुए उनके बंगले के बाहर पुलिस स्टेशन बनाया गया था जो आज भी है। हालांकि, एक्टर के निधन के बाद ये बंगला बेच दिया गया। अब बिल्डर इस जगह का इस्तेमाल कर रहे हैं।