'सुशांत सिंह राजपूत केस में कहां पहुंची जांच?' RTI में आया सवाल; CBI ने कहा- ‘नहीं दे सकते जानकारी’

    सुशांत सिंह राजपूत मामले में दुनियाभर के उनके फैन्स जांच पूरी होने का इंतज़ार कर रहे हैं...

    'सुशांत सिंह राजपूत केस में कहां पहुंची जांच?' RTI में आया सवाल; CBI ने कहा- ‘नहीं दे सकते जानकारी’

    सुशांत सिंह राजपूत केस बॉलीवुड और फिल्म फैन्स शायद ही कभी भूल पाएं। ‘काई पो चे’, ‘एम एस धोनी’ और ‘छिछोरे’ जैसी बेहतरीन फ़िल्में कर चुके यंग एक्टर सुशांत सिंह राजपूत, 14 जून 2020 को रहस्यमयी तरीके से अपने घर पर मृत पाए गए। 

    इस खबर से न सिर्फ सुशांत के फैन्स बल्कि बॉलीवुड इंडस्ट्री और पूरा देश सन्न रह गया। मुंबई पुलिस से लेकर केन्द्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जैसी बड़ी सरकारी जांच एजेंसियां सुशांत मामले की जांच में लग गयीं। इस जांच के दौरान सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं एक्टर रिया चक्रवर्ती और उनके घरेलू स्टाफ के लोगों की गिरफ्तारी भी की गई। लेकिन फिर ये मामला कहीं खोता सा चला गया। 

    आज भी हर रोज़ ट्विटर पर आपको सुशांत के फैन्स न्याय की अपील ट्रेंड कराते मिल जाएंगे। लेकिन फ़िलहाल इस केस पर क्या अपडेट है इसकी सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है। शायद यही सोचकर हाल ही में किसी ने RTI के तहत सुशांत मामले की जांच कर रही CBI से इस केस की जानकारी मांगी। 

    लेकिन रिपोर्ट के अनुसार CBI ने इस RTI के जवाब में लिख दिया है कि जानकारी नहीं दी जा सकती। ANI की एक रिपोर्ट के अनुसार CBI ने कोई भी जानकारी देने से इनकार करते हुए RTI डालने वाले व्यक्ति को जवाब में लिखा, “सुशांत सिंह राजपूत केस जांच की प्रक्रिया में है, इसकी प्रगति को लेकर जानकारी जांच प्रक्रिया में बाधा पहुंचा सकती है। जो जानकारी मांगी गई है वह नहीं दी जा सकती।” 

    बता दें, रिया चक्रवर्ती पर सुशांत के परिवार ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने और उनकी संपत्ति में हेरफेर करने का आरोप लगाया था। इसके चलते रिया को कुछ हफ़्तों की जेल भी हुई थी। सुशांत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ उनके निधन के बाद डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई और इसे दर्शकों के लिए फ्री कर दिया गया था।

    Tags