एक बार फिर से बॉलीवुड में हल्ला बोलेंगे फवाद और माहिरा खान, पाकिस्तानी सितारों से बैन हटाने को राजी हुई सरकार?

    खबर आ रही है कि सालों बाद एक बार फिर से पाकिस्तानी कलाकार बॉलीवुड में वापसी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि सरकार पाकिस्तानी सितारों पर लगे बैन को हटाने जा रही है। 

    एक बार फिर से बॉलीवुड में हल्ला बोलेंगे फवाद और माहिरा खान,  पाकिस्तानी सितारों से बैन हटाने को राजी हुई सरकार?

    एक जमाना था जब बॉलीवुड में पाकिस्तानी सितारों का सिक्का चलता था। पाकिस्तान के कई सितारे बॉलीवुड के जरिए अपने घर चला रहे थे। उरी अटैक होने के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगा दिया था। जिसके बाद पाकिस्तानी कलाकारों की बॉलीवुड में एंट्री बंद हो गई थी। साल 2016 के बाद से ही फैंस पाकिस्तानी कलाकारों की बॉलीवुड में एंट्री का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तानी कलाकारों का बॉलीवुड में एंट्री को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। ताजा मिल रही जानकारी की मानें तो जल्द ही भारत सरकार पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे बैन को हटा सकती है।

    रिपोर्ट्स की मानें तो अनुराग ठाकुर ने मुंबई फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनने के लिए दुनियाभर के कलाकारों को न्योता भेजा है। इस लिस्ट में पाकिस्तान का नाम भी शामिल है। हाल ही में इंडियन इंफोर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्टर अनुराग ठाकुर ने इस मुद्दे पर बात की है। अनुराग ठाकुर ने कहा, मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में दुनियाभर के देशों को न्योता भेजा जाता है। न्योता भेजना हमारा काम है। इस इवेंट में आना या न आना उनका फैसला होता है। आपको बता दें कि हमने एससीओ के सभी सदस्‍यों को न्योता भेजा है। जो भी भारत आएगा उसका तहे दिल से स्वागत किया जाएगा। 

    अनुराग ठाकुर के इस बयान ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है। लोगों को लग रहा है कि पाकिस्तान और भारत के बीच की कड़वाहट इस इवेंट की वजह से कम होगी। लोगों को तो ये भी लग रहा है कि आने वाले समय में भारत सरकार पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे बैन को हटा सकती है। हालांकि ये कब होगा इस बात का अंदाजा किसी को नहीं है। 

    गौरतलब है कि भारत में फवाद खान, आतिफ असलम, माहिरा खान, अली जफर जैसे सितारे अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीत चुके हैं। इन सितारों को बॉलीवुड में जमकर काम मिल रहा था। हालांकि बैन लगने के बाद ये सितारे बॉलीवुड से अचानक ही गायब हो गए। लोग अब भी इन सितारों को बॉलीवुड में मिस करते हैं।