'धक-धक' का ट्रेलर हुआ रिलीज, चार महिलाओं की रोड ट्रिप पर बेस्ड है कहानी

    फातिमा सना शेख, संजना सांघी, दीया मिर्ज़ा और रत्ना पाठक शाह की अपकमिंग फिल्म 'धक-धक' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। फिल्म में चार आम महिलाओं की मुश्किल बाइक ट्रिप की कहानी दिखाई गई है। 

    Dhak-Dhak

    Dhak-Dhak

    फातिमा सना शेख, दीया मिर्जा, रत्ना पाठक शाह और संजना सांघी बॉलीवुड की सबसे दिलचस्प और टैलेंटेड एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं। पहली बार ये सभी तापसी पन्नू की को-प्रोड्यूस 'धक-धक' नाम की अपकमिंग ड्रामा फिल्म में स्क्रीन स्पेस साझा करती नजर आएंगी। इस फिल्म का मच-अवेटेड ट्रेलर आज 9 अक्टूबर को इंटरनेट पर रिलीज़ कर दिया गया है। ट्रेलर तीन मिनट चार सेकंड लंबा है और इसमें चार महिलाओं की बाइक ट्रिप की कहानी को दिखाया गया है। ये महिलाएं अलग अलग परिवेश, समाज और उम्र की हैं, पर सभी महिलाओं का शौक एक है, बाइकिंग। मोटरसाइकिल के ज़रिए ही सभी दिल्ली से लेह के खारदुंग ला तक बाइक ट्रिप कर रही हैं। फिल्म में चार महिलाएं लीड रोल में हैं।

    ट्रेलर में दिखाया गया है कि फातिमा सना शेख के किरदार का नाम स्काई है और वो एक ट्रैवल ब्लॉगर हैं। रत्ना पाठक शाह, जो बाइकर नानी बनी हैं, और उनके किरदार का नाम माही है। माही को खारदुंग ला जाना है। दुनिया की सबसे ऊंची सड़क पर बाइक चलानी है। इसमें दीया मिर्ज़ा एक मुस्लिम महिला उजमा के किरदार में हैं। उजमा जुगाड़ु मकैनिक हैं और चौथी हैं संजना सांघी। संजना की मां उनकी शादी करा रही हैं। उनके किरदार का नाम मंजरी है और वो शादी से पहले पहली बार अकेले सफर करने निकलती हैं, पर बिना ये बात बताए कि वो फ्लाइट से नहीं, बल्कि बाइक से जा रही हैं। ये चारों महिलाएं एक साथ आती हैं और दिल्ली से इनका सफर शुरू हो जाता है। 

    'धक-धक' की कहानी पारिजात जोशी और तरुण डुडेजा ने लिखी है। फिल्म का डायरेक्शन भी डुडेजा ने किया है। इस फिल्म का प्रोडक्शन बीएलएम पिक्चर्स, आउटसाइडर फ्लिम्स प्रोडक्शंस और वायाकॉम18 स्टूडियोज के बैनर तले तापसी पन्नू, अजीत अंधारे, केविन वाज़ और प्रांजल खंडड़िया ने किया है। फिल्म की शूटिंग नई दिल्ली, ग्रेटर नोएडा, मनाली, लेह और लद्दाख में की गई थी। ये फिल्म 13 अक्टर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। तापसी ने ब्लर के साथ फिल्म प्रोडक्शन में कदम रखा और 'धक-धक' एक प्रोड्यूसर के रूप में उनकी दूसरी फिल्म है।

    शाह को आखिरी बार 2022 की सोशल कॉमेडी-ड्रामा जयेशभाई जोरदार में देखा गया था, जिसमें रणवीर सिंह और शालिनी पांडे भी नजर आए थे। दीया मिर्जा को हाल ही में अनुभव सिन्हा की फिल्म 'भीड़' में देखा गया था, जो इंडिया में कोविड-19-प्रेरित लॉकडाउन और उसके परिणामों पर बेस्ड थी। वह अगली बार राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' में नजर आएंगी। इस बीच, संजना सांघी की आखिरी फिल्म आदित्य रॉय कपूर के साथ 2022 की एक्शन थ्रिलर 'राष्ट्र कवच ओम' थी। वहीं फातिमा सना शेख आखिरी बार ओटीटी फिल्म 'थार' में नजर आई थी।

    Tags