पॉपुलर गायक मोहम्मद अजीज का निधन, माय नेम इज लखन जैसे गानों के लिए थे फेमस !
Updated : November 28, 2018 09:47 AM ISTहिंदी फिल्मों को कई बेहतरीन और सुपरहिट गाने देने वाले गायक मोहम्मद अजीज का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अजीज 64 वर्ष के थे और कोलकाता से एक कार्यक्रम खत्म कर मुंबई लौटे थे। मुंबई एयरपोर्ट पर ही उनकी तबीयत खराब हो गई। अजीज के निधन की खबर मिलते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। अजीज सोमवार की रात कोलकाता में एक इवेंट के लिए गए थे। दोपहर जब लौटे तो उनकी एयरपोर्ट पर भी तबीयत खराब होने लगी। उन्हें तुरंत नानावटी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।
मोहम्मद अजीज ने अलग-अलग भाषाओं में 20 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। दो जुलाई 1954 पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में जन्में मोहम्मद अजीज को उनके कई सुपरहिट गानों के लिए याद किया जाता है। अजीज ने हिंदी के अलावा उड़िया और बांग्ला भाषा में भी गाने गाए। 1985 में मोहम्मद अजीज को अनु मलिक ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘मर्द’ के टाइटल गीत ‘मैं मर्द तांगे वाला’ से गायिकी में ब्रेक दिया था। मोहम्मद अजीज ने ओडिया भाषा में भगवान जगन्नाथ के लिए भजन भी गाए जो काफी लोकप्रिय हुए। इसके अलावा उन्होंने माय नेम इज लखन, लाल दुपट्टा मलमल का आदि जैसे गाने गाये।
मोहम्मद अज़ीज़ ने अमिताभ बच्चन और मिथुन चक्रबर्ती से लेकर गोविंदा जैसे सितारों को अपनी आवाज़ दी। इसके साथ ही उन्होंने कल्याणजी आनंदजी, राजेश रोशन और नदीम-श्रवण जैसे बॉलीवुड के बड़े कंपोजर्स के साथ भी काम किया।