श्रीदेवी की मौत पर बोनी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, होटल के कमरे में घटी घटना का किया ख़ुलासा !

    श्रीदेवी की मौत पर बोनी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, होटल के कमरे में घटी घटना का किया ख़ुलासा !

    बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी की हुई अचानक मौत से उनके परिवार और देश में मौजूद उनके फैन्स काफी दुखी हैं। 54 वर्षीय श्रीदेवी 24 फरवरी को दुबई के होटल के अपने कमरे के बाथटब में मृत पाई गई थीं। उनकी मौत का कारण दुर्घाटनावश बाथटब में डूबना बताया गया है। घटना की शाम क्या हुआ था, इससे अभी भी सभी के मन में संदेह बना हुआ है लेकिन फिल्म ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ने एक ब्लॉग के जरिए खुलासा किया है कि आखिर उस दिन क्या हुआ था। ब्लॉग के मुताबिक बोनी कपूर ने खुद घटना वाले दिन क्या हुआ था इसकी जानकारी अपने दोस्त कोमल नाहटा को दी है।

    कोमल नाहटा ने लिखा 'बोनी कपूर अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी के बाद एक जरूरी मीटिंग में शामिल होने के लिए वापस भारत आ गए थे। 22 फरवरी को उनकी लखनऊ में एक मीटिंग थी। श्रीदेवी को उनकी बेटी जाहन्वी ने शॉपिंग की एक लंबी से लिस्ट दी थी, जो उनके फोन में थी। 21 फरवरी को श्रीदेवी ने शॉपिंग का प्लान किया था लेकिन जल्दबाज़ी में वे अपना फोन भूल गई थीं। इसके बाद उन्होंने पूरा दिन होटल के अपने कमरे में बिताया। 22 फरवरी को उन्होंने अपने दोस्तों के साथ चैट कर और होटल में ही आराम कर अपना समय बिताया। ऐसा ही उन्होंने 23 फरवरी को भी किया। श्रीदेवी इंतजार कर रही थीं कि पति बोनी कपूर उनके वापस भारत आने की टिकट बदलवा दें तो वे शॉपिंग कर वापस आ जाएं।'

    श्रीदेवी की मौत पर बोनी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, होटल के कमरे में घटी घटना का किया ख़ुलासा !

    बोनी ने कोमल नाहटा को बताया '24 फरवरी को मैंने श्रीदेवी से बात की थी तो उन्होंने मुझसे कहा था पापा (श्रीदेवी बोनी को इसी नाम से बुलाती थीं) मैं आपको मिस कर रही हूं। मैंने भी उनसे कहा था कि मैं भी उन्हें बहुत मिस कर रहा था, लेकिन मैंने उन्हें नहीं बताया था कि मैं शाम को उन्हें दुबई में मिलने वाला हूं। जाहन्वी ने मुझसे कहा था कि मां दो दिन से अकेली हैं और वे अकेले डरेंगी। मां अपना पासपोर्ट और अन्य जरूरी कागज गुम कर सकती हैं।'

    ब्लॉग के अनुसार, बोनी ने कहा कि 24 साल में ऐसा दो बार हुआ था जब श्रीदेवी ने मेरे बिना ट्रेवल किया था लेकिन इन दोनों ट्रिप में उनके साथ मेरे दोस्त की बीवी थी। इस बार श्रीदेवी दुबई में विदेशी धरती पर दो दिनों से अकेली थीं। 24 फरवरी दोपहर 3:30 बजे बोनी की फ्लाइट थी। वे दुबई जाकर श्रीदेवी को सर्प्राइज देना चाहते थे। जब वे मुंबई में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे तो उन्हें श्रीदेवी का फोन आया। बोनी ने उनसे कहा कि वे एक मीटिंग में व्यस्त हो जाएंगे तो हो सकता है कुछ घंटों के लिए उनका फोन बंद आए तो वे घबराए नहीं। बोनी ने उनसे वादा किया कि जैसे ही वे फ्री होंगे उन्हें तुरंत फोन करेंगे।

    दुबई के समयनुसार बोनी शाम को 6:20 बजे होटल पहुंचे। होटल में चेक इन प्रक्रिया पूरी करने और श्रीदेवी के कमरे की डुप्लिकेट चाभी लेने के बाद बोनी ने बेल ब्वॉय से कहा कि वे उनका बैग रूम में न लेकर जाए क्योंकि बोनी श्रीदेवी को सर्प्राइज देने के लिए बहुत उत्साहित थे। बोनी जैसे ही कमरे में पहुंचे दोनों ने एक दूसरे को किसी प्रेमी यूगल की तरह गले लगाया। दोनों ने आधे घंटे तक एक दूसरे को गले लगाया, किस किया और ढेर सारी बातें की। बोनी फ्रेश होने के बाद बाथरूम से जब बाहर आए तो उन्होंने फैसला किया कि श्रीदेवी और वे एक रोमांटिक डिनर पर जाएं। उन्होंने श्रीदेवी को मनाया कि वे अपनी शॉपिंग के प्लान को कैंसिल कर दें। दोनों ने फैसला किया कि अब वे 24 फरवरी को नहीं बल्कि अगले दिन 25 फरवरी को वापस भारत जाएंगे। रविवार का दिन एक साथ बिताने के बाद सोमवार को शॉपिंग कर वापस भारत लौटने की उन्होंने योजना बनाई थी।

    बोनी ने बताया 'श्रीदेवी बहुत ही रिलेक्स थीं। रोमांटिक डिनर पर जाने से पहले वे नहाने गईं। जबतक श्रीदेवी रेडी होतीं तब तक के लिए मैं लिविंग रूम में चला गया।' नाहटा के अनुसार, लिविंग रूम में 15 से 20 मिनट तक बोनी ने मैच देखा लेकिन इसके बाद वे बैचेन होने लगे क्योंकि वे जानते थे कि शनिवार का दिन है और रेस्तरां में भीड़ मिल सकती है। उस समय शाम के आठ बजे थे। लिविंग रूम में से ही बोनी ने श्रीदेवी को आवाज लगाई। उन्हें दो बार आवाज लगाने के बाद बोनी ने टीवी की आवाज कम की लेकिन उन्हें श्रीदेवी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

    इसके बाद बोनी बेडरूम में गए और उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया और उन्हें आवाज भी लगाई। बोनी को अंदर से नल से पानी गिरने की आवाज आ रही थी। उन्होंने फिर से श्रीदेवी को जान, जान कहकर आवाज लगाई लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घबराए हुए बोनी कपूर ने बाथरूम का दरवाजा खोला, जिसके खुलते ही वे चौंक गए। बाथटब पानी से भरा हुआ था और श्रीदेवी सिर से लेकर पांव तक उसमें डूबी हुई थीं। वे श्रीदेवी के पास पहुंचे और उन्हें बेसुध देखकर वे काफी डर गए। श्रीदेवी की मौत के बाद बोनी की दुनिया टूट चुकी है। दो घंटे पहले दिया गया सर्प्राइज अब बोनी कपूर के लिए एक बहुत ही खराब शॉक में बदल चुका था।