जब शोषण का विरोध करने पर प्रियंका चोपड़ा ने खोनी पड़ी 10 फ़िल्में !

    जब शोषण का विरोध करने पर प्रियंका चोपड़ा ने खोनी पड़ी 10 फ़िल्में !

    प्रियंका चोपड़ा इस समय बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड में बड़ा नाम कमा चुकी हैं। प्रियंका ने जहां बॉलीवुड में 40 से ज़्यादा फ़िल्में कर अपना नाम बेस्ट और हाईएस्ट पेड एक्ट्रेसेज़ की लिस्ट में बनाया है वहीं अमेरिका का एक पूरा शो उनपर आधारित है। इसके अलावा हॉलीवुड की एक फिल्म में प्रियंका काम कर चुकी हैं और कई और प्रोजेक्ट्स उनके पास हैं। लेकिन हर किसी की तरह प्रियंका का भी फिल्म इंडस्ट्री में नाम और जगह बनाने का सफ़र मुश्किल रहा है।

    जहां इस समय सारी दुनिया हॉलीवुड के यौन शोषण के आरोपी प्रोड्यूसर हार्वी वेंस्टेन के बारे में बात कर रही है वहीं प्रियंका की माँ मधु चोपड़ा ने भी प्रियंका के फ़िल्मी सफ़र में आई दिक्कतों के बारे में डेक्कन क्रॉनिकल से बात की। मधु ने बताया कि इंडस्ट्री में आने से पहले ही प्रियंका ने कुछ नियम बनाये थे और वे आजतक उनपर टिकी हुई हैं। वे सिर्फ 17 साल की थीं जब उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा और तीन साल पहले तक मधु प्रियंका के साथ हर वक़्त रहती थीं। एक बार एक जनाब प्रियंका से मिलने आये और उन्हें कहा कि क्या जब मैं आपको फिल्म की कहानी सुनाऊं तो आपकी माँ बाहर बैठ सकती हैं? इसपर प्रियंका ने जवाब दिया कि अगर ये कहानी ऐसी है जिसे मेरी माँ नहीं सुन सकती तो मैं ये फिल्म ही नहीं कर सकती।

    इसके आगे मधु ने बताया कि एक बार एक डिज़ाइनर ने प्रियंका को आकर बताया था कि फिल्म के डायरेक्टर चाहते हैं कि प्रियंका छोटे कपड़े पहने। डायरेक्टर का कहना था कि एक मिस इंडिया को कैमरा पर दिखाने का क्या फायदा जब वो अपनी खूबसूरती को नहीं दिखा सकती। प्रियंका ने उस फिल्म को रिजेक्ट कर दिया था जिसके बाद वो डायरेक्टर उनसे नाराज़ हो गया। इस वजह प्रियंका ने 10 फ़िल्में खोयी थीं।

    मधु ने ये सारी बातें 20वें अंतर्राष्ट्रीय चिल्ड्रेन फिल्म फेस्टिवल में बताई। बता दें कि मधु चोपड़ा प्रियंका के प्रोडक्शन हाउस पर्पल पेबल पिक्चर्स का हिस्सा हैं और प्रियंका की मेनेजर भी हैं। प्रियंका फ़िलहाल अपने हॉलीवुड शो और फिल्मों पर ध्यान दे रही हैं।