टीवी के इन 6 शोज़ पर हुए इतने विवाद की आ गयी बैन होने की नौबत !

    टीवी के इन 6 शोज़ पर हुए इतने विवाद की आ गयी बैन होने की नौबत !

    टीवी पर हर महीने कई नए शोज़ आते हैं। हर शो का मकसद दर्शको का ध्यान अपनी और खींचना होता है और ऐसा करने के लिए शो के मेकर्स काफी चीज़ें सही करने के साथ गलत भी कर देते हैं। दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने के चक्कर में मेकर्स कुछ ऐसे कॉन्सेप्ट ले आते हैं, जिनसे लोगों की भावनाएं आहत हो जाती हैं या फिर उन्हें देखने का मन नहीं होता। दर्शकों को बांधें रखने और टीआरपी की रेस में आगे बने रहने के चक्कर में इन शोज़ को विवादों का सामना भी करना पड़ता है। इन विवादों के चलते या तो चैनल को अपने शो का समय बदलना पड़ता है या फिर उसे बंद कर दिया जाता है। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आये हैं ऐसे टीवी शोज़ की लिस्ट जिनपर इतने विवाद हुए कि इन्हें बंद करने की नौबत आ गयी। जहाँ इनमें से कुछ आगे चले तो कुछ बैन हो गये।

    बिग बॉस

    रियलिटी शो बिग बॉस अपने पहले सीज़न से ही टीवी का अभी तक का सबसे विवादित शो रहा है। अपने कंटेस्टेंट्स, कंटेंट, लड़ाई-झगड़े, रोमांस आदि हर चीज़ को लेकर बिग बॉस हमेशा से सुर्ख़ियों में बना रहा है। इस शो में दिखाई जाने वाली बातें, कंटेस्टेंट्स की लड़ाईयां, गली-गलौज और एडल्ट कंटेंट के चलते इस शो की टाइमिंग को कई बार बदला गया है और इसमें आने वाले कंटेस्टेंट्स पर काफी विवाद भी हुए हैं। इसके अलावा शो के होस्ट सलमान खान पर भी पूजा मिश्रा नामक एक कंटेस्टेंट ने रेप का आरोप लगाया था, जिसकी वजह से काफी विवाद हुआ था।

    जोधा अकबर

    एकता कपूर के शोज़ की टीवी पर भरमार है। ऐसा कोई ही जॉनर होगा, जो एकता ने ना छुआ हो। सास-बहु के शोज़ से लेकर नागिन और ऐतिहासिक शोज़ तक सबकुछ एकता ने दर्शकों को परोसा है। ज़ी टीवी पर आने वाले एकता के ही शो 'जोधा अकबर' पर काफी विवाद हुआ था। राजपूत क्षत्रिय अखिल भारतीय छतरिया सभा ने इस शो पर इल्ज़ाम लगाया कि जोधा और अकबर की शादी की कहानी गलत दिखाई जा रही है। शो में जोधा को अपने पिता का साम्राज्य बचाने के लिए अकबर से शादी करते दिखाया गया था। इसके अलावा और भी कई सभाओं ने इस शो का विरोध किया और इसे बंद करने की मांग की। इसी के साथ ये भी कहा गया कि 'जोधा' के नाम का कोई इंसान इतिहास में कभी था ही नहीं। हालाँकि इन सभी विवादों के बावजूद भी इस शो को लोगों ने पसंद किया था।

    बालिका वधु

    ये शो राजस्थान में होने वाले बाल विवाह के ऊपर आधारित था। छोटी आनंदी और जागिया को यूँ तो दर्शकों ने खूब पसनद किया लेकिन ये शो तब विवादों में फंस गया, जब जनता दल के प्रेसिडेंट ने उस समय की सूचना और प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी से इस शो को बैन करने का आग्रह किया था। हालाँकि मंत्रालय ने इस शो को क्लीन चिट दे दी थी।

    सच का सामना

    इस शो में प्रतियोगियों से उनके जीवन के सच को बाहर निकलवाने के लिए बना था। इस शो के होस्ट टीवी के फेमस एक्टर राजीव खंडेलवाल थे। इस शो पर विवाद की शुरुआत तब हुई जब सूचना और प्रसारण मंत्रालय की और से इस शो को नोटिस भेजा गया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के एमपी कमल अख्तर ने शो पर लोगों की निजी ज़िन्दगी से जुड़े कुछ अनुचित सवाल पूछे जाने की वजह से विरोध किया था। कमल अख्तर ने एक कंटेस्टेंट की बैडरूम लाइफ के बारे में पूछे जाने पर आपत्ति जताई थी।

    पति पत्नी और वो

    शोज़ में अगर NDTV इमेजिन के शो 'पति पत्नी और वो' का नाम ना आये ऐसा तो हो ही नहीं सकता। ये शो अलग कॉन्सेप्ट लेकर टीवी पर शुरू हुआ था, जिसमें टीवी के स्टार कपल्स को कुछ अजनबी लोगों के बच्चों को संभालना था। लेकिन राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग को ये शो बिल्कुल ठीक नहीं लगा और इसी के चलते इस शो को लेकर काफी विवाद हुए। इन विवादों के ख़त्म होने के बाद शो के मेकर्स ने इसे टीवी पर शुरू किया था।

    पहरेदार पिया की

    सोनी टीवी का ये शो शुरू होने से पहले ही विवादों में छा गया था। इस शो का कॉन्सेप्ट एक 9 साल के लड़के और 18 साल की लड़की शादी था। शो को लेकर कई वेब पोर्टल्स और चैनल्स ने आपत्ति जताई। जनता ने भी इस हो का विरोध किया। दर्शकों ने एक पेटिशन साइन करके सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी से आग्रह किया था कि वे इस शो को बंद कर दें। पहले इस शो का टाइम बदला गया और अब ये शो बिना किसी अंत के बंद हो गया है।