जानिए अमिताभ बच्चन की आवाज़ कहे जाने वाले आदेश श्रीवास्तव के बारे में ये खास बातें !

    जानिए अमिताभ बच्चन की आवाज़ कहे जाने वाले आदेश श्रीवास्तव के बारे में ये खास बातें !

    अमिताभ बच्चन को अपनी आवाज देने वाले मशहूर गायक और म्यूजिक कम्पोज़र आदेश श्रीवास्तव बेशक आज हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन इनके बनाये गाने आज भी हमारे भी कानों में गूँजते हैं। लम्बे समय तक कैंसर से लड़ाई लड़ने के बाद उन्होंने अपने जन्मदिन के एक ठीक दिन बाद 5 सितम्बर 2015 को दुनिया को अलविदा कह दिया।

    आदेश का जन्म 4 सितम्बर 1966 को मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुआ था। मुंबई आने के बाद आदेश का सफर संघर्षों से भरा रहा। लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने वो हाथ से नहीं जाने दिया। उन्हें पहला ब्रेक 1993 में आई फिल्म ‘कन्यादान’ में मिला था। इस फिल्म में ऋषि कपूर मुख्य किरदार में थे। लेकिन दुर्भाग्यवश ये फिल्म कभी रिलीज़ नहीं हुई। इसके बाद फिल्म ‘आओ प्यार करें’ का गाना ‘हाथो में आ गया जो’ बहुत पॉपुलर हुआ था। इस एक गाने ने आदेश को इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई।

    इसके बाद आदेश ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उन्होंने कई बेहतरीन गाने बनाये और गाये भी। सुनील शेट्टी की फिल्म शास्त्र का गाना ‘क्या अदा क्या जलवे तेरे पारो’ उस समय का सबसे पॉपुलर गाना था। इसके अलावा फिल्म राजनीति का ‘मोरा पिया’ ‘नीचे फूलों की दुकान’ और कुछ धार्मिक गाने भी कम्पोज़ किये हैं।

    आदेश का बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से भी पुराना रिश्ता रहा है। आदेश ने अमिताभ बच्चन की आवाज़ बनकर उनके लिए कई बेतरीन गाने गए हैं। फिल्म कभी ख़ुशी कभी गम’ का ‘शावा-शावा’ ‘मेजर साहब’ का ‘सोणा सोणा’ गाना भी आदेश ने गाये हैं। उनके निधन के बाद अमिताभ ही वो व्यक्ति थे जो सबसे पहले उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। उनकी मौत का पूरी फिल्म इंडस्ट्री को बहुत बड़ा धक्का सा लगा था। 

    आदेश न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि टीवी पर भी काफी एक्टिव थे। वो सिंगिंग रियलिटी शोज़ को जज कर चुके हैं। उन्होंने ज़ी टीवी के शो ‘सा रे गा मा पा’ को भी जज किया है। इतना ही नहीं ये हॉलीवुड स्टार्स एकोन, डोमोनिक मिलर, शकीरा जैसे स्टार्स के साथ मिलकर भी काम कर चुके हैं।

    अगर निजी जिंदगी की बात की जाये तो उन्होंने जाने-माने म्यूजिक कंपोजर जतिन-ललित की बहन और एक्ट्रेस विजेता पंडित से शादी की थी। विजेता उन एक्ट्रेस में से शामिल हैं जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से इंडस्ट्री में धमाल मचा दिया था। इन दोनों के 2 बेटे भी हैं।

    आदेश काफी समय से बीमार चल रहे थे, उनके इलाज में भी काफी पैसा खर्च हो रहा था। ऐसे में विजेता के दोनों भाइयों ने उनकी काफी मदद की थी। और फिल्म इंडस्ट्री से भी बहुत लोग अक्सर उनसे मिलने अस्पताल पहुँच जाया करते थे। बीच में खबरे आई थीं कि उनके जाने के बाद उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, जो सच में बेहद दुखद है। 

    आदेश अपने म्यूजिक के साथ अपने अच्छे रिश्तों के लिए हमेशा याद किये जाते हैं।