आलिया भट्ट की 'राज़ी' ने उनकी पिछली फिल्मों के फर्स्ट डे कलेक्शन को पछाड़ा ?
आलिया भट्ट को आज बॉलीवुड की सबसे कामयाब और टैलेंटेड एक्ट्रेस माना जाता है। ये कामयाबी उन्हें तोहफे में नहीं मिली, बल्कि आलिया ने अपने बेहतरीन एक्टिंग टैलेंट और कड़ी मेहनत के दम पर कमाई है। बॉलीवुड में अपना रास्ता बनाना किसी के लिए भी आसान नहीं है, फिर चाहे वो कोई आम व्यक्ति हो या कोई स्टार किड। स्टार किड्स के सफ़र को लोग बहुत आसान समझते हैं, लेकिन उनके ऊपर ये बहुत बाड़ा दबाव होता है कि वो अपने पेरेंट्स की कामयाबी और उनके ऊंचे नाम को बरकरार रख पाएंगे या नहीं।
हर नई फिल्म के साथ एक कामयाब एक्टर पर ये दबाव बढ़ता जाता है कि वो अपनी कामयाबी को बरकरार रख पाएगा या नहीं। लेकिन आलिया भट्ट ने अभी तक अपने शानदार करियर में ये दिखाया है कि वो केवल एक टैलेंटेड एक्ट्रेस ही नहीं हैं, बल्कि उनकी फ़िल्में बॉक्स-ऑफिस पर भी जम कर कमाई करती हैं। इस शुक्रवार यानी 11 मई को आलिया की फिल्म राज़ी बॉक्स-ऑफिस पर रिलीज़ हुई। फिल्म के ट्रेलर से ही लोगों ने इसे लेकर काफी उम्मीदें लगा रखी हैं। लोगों के मन में ये सवाल है कि क्या आलिया की नई फिल्म राज़ी, उनकी पिछली 5 फिल्मों की पहले दिन की कमाई को पछाड़ पाएगी?
आइए आपको बताते हैं आलिया भट्ट की पहले दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में-
5. डिअर जिंदगी
इस फिल्म में पहली बार आलिया और शाहरुख़ खान ने एक साथ काम किया था। हालांकि इसे शाहरुख़ की फिल्म नहीं कहा जा सकता क्योंकि उनका रोल बहुत बड़ा नहीं था, बल्कि ये फिल्म पूरी तरह आलिया भट्ट की फिल्म थी। ‘डिअर जिंदगी’ ने बॉक्स-ऑफिस पर पहले दिन 8.62 करोड़ रूपए कमाए थे।
4. हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया
वरुण धवन और आलिया भट्ट ने फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर’ से एक साथ डेब्यू किया था और इन दोनों की जोड़ी को ऑडियंस ने हमेशा ही बहुत पसंद किया है। इस फिल्म में एक बार फिर वरुण और आलिया साथ नज़र आए थे और ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 8.71 करोड़ की कमाई की थी।
3. उड़ता पंजाब
पंजाब में नशे की समस्या पर आधारित इस फिल्म में दूसरी बार आलिया भट्ट और शाहिद कपूर की जोड़ी साथ नज़र आई। इससे पहले इन दोनों की फिल्म ‘शानदार’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। लेकिन इस बार आलिया का रोल बहुत ही ज़बरदस्त था और इस फिल्म ने पहले दिन 10.05 करोड़ की कमाई की।
2. बद्रीनाथ की दुल्हनिया
‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ के सुपरहिट होने के बाद आलिया एक बार फिर वरुण धवन के साथ नज़र आईं और इस जोड़ी ने एक बार फिर धमाल कर दिया। ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 12 करोड़ की कमाई की।
1. 2 स्टेट्स
मशहूर लेखक चेतन भगत के नॉवेल ‘2 स्टेट्स’ पर बेस्ड इस फिल्म में अर्जुन कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी को बहुत पसंद किया गया और इस फिल्म ने पहले ही दिन 12.11 करोड़ का बिजनेस किया था।
राज़ी
‘राज़ी’ में आलिया एक हिन्दुस्तानी जासूस की भूमिका में हैं जिसकी शादी पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर से कर दी जाती है। इस फिल्म में आलिया की परफॉरमेंस के लोग दीवाने हो गए हैं और देशभक्ति की थीम ने फिल्म को फायदा पहुंचाया है। इसलिए ‘राज़ी’ ने अपनी रिलीज़ के पहले दिन 7.53 करोड़ कमा लिए हैं। इस तरह ‘राज़ी’ फर्स्ट डे कलेक्शन के मामले में आलिया की इन 5 फिल्मों से पीछे है।