'संजू' और 'राज़ी' से पहले भी छोटी फिल्मों में बेहतरीन काम कर रहे थे विक्की कौशल !
साल 2018 ने अगर किसी एक एक्टर की किस्मत पूरी तरह बदल दी है, तो वो है विक्की कौशल। विक्की का डेब्यू साल 2015 में आई फिल्म ‘मसान’ को माना जाता है। अपनी पहली ही फिल्म से विक्की की एक्टिंग को इतनी भरपूर तारीफ़ मिली कि एक वक़्त बॉलीवुड में उनका बड़ा एक्टर होना तय माना जाने लगा। लेकिन विक्की आज जो कुछ भी हैं, उसके पीछे बहुत सालों की कड़ी मेहनत और गुमनामी छिपी है। बल्कि आप ये जानकर हैरान हो जाएंगे कि दरअसल विक्की की डेब्यू फिल्म ‘मसान’ नहीं है। जी हां, ‘राज़ी’ और ‘संजू’ जैसी ज़बरदस्त फिल्मों से पॉपुलर होने से पहले भी विक्की ने बहुत छोटे रोल्स और फिल्मों में बहुत बेहतरीन काम किया है। आइए आपको बताते हैं कि आज बॉलीवुड के सबसे चर्चित एक्टर्स में से एक विक्की ने ऐसा क्या-क्या किया है जो लोगों को नहीं पता-
1. लाल पेंसिल
विक्की ने अपनी शुरुआत पॉपुलर थिएटर आर्टिस्ट और बॉलीवुड एक्टर मानव कौल के स्टेज प्ले से की थी। उन्होंने मानव कौल की प्रोडक्शन ‘लाल पेंसिल’ में पहली बार एक्टिंग की थी।
2. लव शव ते चिकन खुराना
ये वो फिल्म है जिससे विक्की ने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। कुणाल कपूर के लीड रोल वाली इस फिल्म में विक्की ने बहुत छोटा रोल निभाया था। इतना छोटा कि इन्टरनेट पार इसकी तस्वीरें तक मौजूद नहीं है। ‘मसान’ जैसे बेहतरीन डेब्यू के बावजूद विक्की को फिल्मफेयर का बेस्ट डेब्यू अवार्ड नहीं मिला था। इसका कारण था कि विक्की कि असली डेब्यू फिल्म ‘लव शव ते चिकन खुराना’ है।
3. गीक आउट
अनुराग कश्यप के शॉर्ट फिल्म प्रोजेक्ट की फिल्म ‘गीक आउट’ में विक्की ने लीड रोल निभाया था। ये एक 10 मिनट की फिल्म थी और इसमें विक्की की एक्टिंग की बहुत तारीफ़ हुई थी। बहुत सारे लोगों ने अभी तक ये शॉर्ट फिल्म नहीं देखी है।
4. बॉम्बे वेलवेट
अनुराग कश्यप को हमेशा से विक्की कौशल पर बहुत भरोसा था। जब अनुराग ने अपनी सबसे महंगी फिल्म ‘बॉम्बे वेलवेट’ बनाई, तो इसमें भी उन्होंने विक्की को एक छोटे से रोल में लिया। एक सीन में विक्की रणबीर कपूर के पीछे चलते हुए नज़र आते हैं।
5. ज़ुबान
‘मसान’ से मिली तारीफों और पॉपुलैरिटी के बावजूद विक्की के लिए रास्ते आसान नहीं थे। मसान के बाद उन्होंने एक और फिल्म में काम किया, जिसका नाम था ‘ज़ुबान’। एक बार फिर, विक्की की खूब तारीफ़ हुई लेकिन फिल्म कब हॉल्स में आकर कब फ्लॉप हो गई पता नहीं चला।