बॉलीवुड की इन 6 फ्रैंचाइज़ी को अब आगे फ़िल्में बनाना बंद कर देना चाहिए !
बॉलीवुड में जहां हर साल 100 से ज़्यादा फ़िल्में रिलीज़ होती हैं वहीं इन फ़िल्मों में कई दूसरी फ़िल्मों के रीमेक और सीक्वल भी होते हैं। हम सभी को जहाँ एक अच्छी और रेफ्रेशिंग कहानी पसंद होती है वहीं एक दिलचस्प फिल्म के हिट होने के बाद सभी को उसकी आगे की कहानी देखने का मन होता है। आखिर कौन नहीं चाहता ये जानना कि फिल्म डियर जिंदगी में शाहरुख़ के किरदार की जिंदगी कैसी थी और उसका बाद में क्या हुआ। या फिर मुन्ना का जेवण लाइन पर लाने के बाद सर्किट का क्या हुआ।
ऐसी ही बहुत सी बातें हम सभी को जाननी होती हैं और फिल्मकार इस बात का ख़ास ध्यान रखते हैं और एक ही फिल्म का दूसरा और फिर तीसरा सीक्वल लेकर आते हैं। लेकिन ज़रूरी नहीं है कि हर फिल्म फ्रैंचाइज़ी हिट ही हो। अगर दर्शकों को एक पहले पार्ट पसंद आया और उसके बाद आये सभी पार्ट फ्लॉप हो रहे हैं तो मान लीजिये कहीं ना कहीं तो गड़बड़ ज़रूर है।
बॉलीवुड में फ्रैंचाइज़ी जैसे दबंग, धूम, क्रिश आदि ऐसी हैं जो हिट हैं लेकिन इनके अलावा भी बहुत सी ऐसी फिल्म फ्रैंचाइज़ी हैं, जो एक के बाद एक फ्लॉप दे रही हैं और अब सभी को लगने लगा है कि इन्हें बंद हो जाना चाहिए। आइये बताते हैं आपको इनके बारे में -
1. 1920
साल 2008 में शुरू हुई इस फिल्म फ्रैंचाइज़ी की अभी तक 4 फ़िल्में आ चुकी हैं। साल 2017 में इसका लेटेस्ट पार्ट आया था, जिसमें एक्ट्रेस ज़रीन खान और टीवी एक्टर करण कुंद्रा थे। डायरेक्टर विक्रम भट्ट की इस फ्रैंचाइज़ी का पहले पार्ट दर्शकों को पसंद आने के बाद इस फ्रैंचाइज़ी का आगे कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं रहा। 2017 में आया पार्ट भी फ्लॉप रहा थ और दर्शकों को इसे देखने में कोई दिलचस्पी नहीं थी।
2. यमला पगला दीवाना
देओल परिवार के तीनों मूंदे धर्मेन्द्र, बॉबी देओल और सनी देओल लेकर साल 2011 में आये थे और सभी का दिल खुश कर गये। डायरेक्टर समीर कार्निक की बनाई इस फिल्म में मस्ती मज़ा था और दर्शकों को अपनी और खींचने की ताकत भी थी। इसके फ्रेश कंटेंट और देओल फैमिली की मस्ती ने इस फिल्म को सफल बनाया। हालाँकि इसके दूसरे और हाल ही में आये तीसरे पार्ट ने ना जनता को खुश किया और ना ही कुछ नया परोसा। साथ ही बॉक्स ऑफिस पर भी धड़ाम हो गयीं।
3. हेट स्टोरी
साल 2012 में आई डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'हेट स्टोरी' ने दर्शकों के दिल में अपनी अलग जगह बनाई थी। एक्सोटिक कंटेंट वाली इस फिल्म को एक अलग जनता मिली थी, जिसे इसकी कहानी और सीन पसंद आये थे। तब से अभी तक इस फ्रैंचाइज़ी के 4 पार्ट बन चुके हैं और हर पार्ट के साथ ये बुरी और बुरी होती जा रही है। पिछले साल आई उर्वशी रौतेला, विवान भटेना और करण वाही स्टारर फिल्म हेट स्टोरी 4 के डायलॉग ने ही दर्शकों को अपना माथा पीटने पर मजबूर कर दिया था।
4. मस्ती
3 दोस्त जो अपनी शादी से बोर होकर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चलाते हैं और बाद में मुश्किल में फंसते हैं और फिर पकड़े जाते हैं। फिल्म मस्ती की शुरुआत साल 2004 में कुछ इस तरह हुई थी। इसके 9 साल बाद इसके सीक्वल ग्रैंड मस्ती आया, जिसमें थोडा सेक्स का तड़का डाला गया। इसके बाद इसका एक और पार्ट ग्रेट ग्रैंड मस्ती आया, जिसमें भूत और सेक्स दोनों का एंगल डाला गया। ये किसी को भी पसंद नहीं आय और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गिर पड़ी।
5. क्या कूल हैं हम
अगर साल 2005 में आई फिल्म 'क्या कूल हैं हम' के बारे में सोचा जाए तो वो एक अच्छी फिल्म थी, जिसने दर्शकों का मनोरंजन किया। लेकिन इसके बाद इस फिल्म की भी फ्रैंचाइज़ी बनाई गयी और उसे सेक्स कॉमेडी का नाम दिया गया। ज़ाहिर सी बात है कि इसकी दर्शकों को कोई ख़ास ज़रूरत नहीं थी और ये फ्रैंचाइज़ी फ्लॉप रही। अब हमें इसकी और कोई ज़रूरत नहीं है तो ये अत्याचार बंद हो जाये तो ही अच्छा है।
6. रेस
जब तक सैफ अली खान रेस के खिलाड़ी थे ये फ्रैंचाइज़ी अच्छी थी, ये सलमान भाई के आते ही क्या हो गया? रेस फ्रैंचाइज़ी इस साल 'रेस 3' आने तक दर्शकों की फेवरेट हुआ करती थी। सैफ अली खान का उनके भाईयों के साथ झगड़ा और फिर जान की बाज़ी लगाकर की जाने वाली रेस सबकुछ बहुत मजेदार था। हालाँकि सलमान खान और डायरेक्टर रेमो डीसूज़ा ने इसे एक अलग मोड़ देने की कोशिश की और फेल हो गए। अब इसका कोई और पार्ट ना ही आये तो अच्छा होगा।