रिव्यू: जानिए तापसी पन्नू की फिल्म 'मुल्क' में आपको क्या अलग देखने को मिलेगा !
ऋषि कपूर और तापसी पन्नू स्टारर फिल्म 'मुल्क' आज से सभी सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है। ये फिल्म एक मुस्लिम परिवार की कहानी है, जिसका बेटा जिहादी हो जाता है और उसकी गलती का मोल बाकि परिवार को चुकाना पड़ता है। डायरेक्टर अनुभव सिन्हा की बनायी इस फिल्म में क्या है ख़ास और आपको क्यों देखनी चाहिए ये फिल्म आइये बताते हैं।
भारत में मुस्लिम लोगों को किस तरह आंका जाता है और कैसे उन्हें इस देश का होते हुए भी इस देश का नहीं माना जाता है, ये फिल्म बहुत ज़ोरदार तरीके से इस बारे में बात करती है। फिल्म में कही गयी ज़्यादातर बातों से आप सहमत होंगे क्योंकि ये उन बातों को आपके सामने रखती है, जिन्हें आप जानते तो हैं लेकिन कभी कुबूलते नहीं। इस फिल्म में हिन्दू और मुस्लिम के बीच के भेद के बारे में बात की है और ये भी बताया गया है कि आतंकवाद सिर्फ इस्लाम को मानने वाले ही नहीं फैलाते। साथ ही हर मुस्लमान आतंकवादी नहीं होता।
फिल्म की खासियत है इसकी बड़ी स्टार कास्ट, जिसमें बढ़िया एक्टर्स हैं और सभी ने अपने रोल को अच्छे से निभाया है। तापसी पन्नू और आशुतोष राणा के बीच लड़ी गयी कानूनी लड़ाई आपको पसंद आयेगी।
इस फिल्म की कहानी को डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने ही लिखा है और उनका काम बढ़िया है। ये फिल्म आपको काफी हद तक जोड़कर रखती है, हालाँकि कुछ पलों के लिए आप भटक सकते हैं।
अंत में ये कहा जा सकता है कि 'मुल्क' एक परफेक्ट फिल्म नहीं है, लेकिन आपको इसे देखकर निराशा बिल्कुल नहीं होगी।