मिलिए मुंबई के असली गली बॉयज से जिनपर बनी है रणवीर सिंह की फिल्म !
रणवीर सिंह की फिल्म गली बॉय का ट्रेलर जल्द ही आने वाला है और इस बात का ऐलान उन्होंने एकदम सुपर कूल अंदाज़ में किया था। रणवीर ने इस फिल्म का एक टीज़र शेयर किया था, जिसमें वे सॉलिड रैप कर रहे थे। ये विडियो सभी को पसंद आया और अब सभी को फिल्म गली बॉय के ट्रेलर का बेसब्री से इंतेज़ार है। इस फिल्म को डायरेक्टर जोया अख्तर ने लिखा और बनाया है। फिल्म गली बॉय मुंबई के रैपर डीवाइन और नैजी पर आधारित है। लेकिन क्या आपको पता है कि ये दो रैपर्स असल में कौन हैं?
रैप वो म्यूजिक का वो स्टाइल है, जिसका जन्म आर्टिस्ट्स ने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अपनी असहमति और बाग़ीपन व्यक्त करने के लिए किया था। हालाँकि भारत में रैप का ज़्यादातर इस्तेमाल लड़कियों, पैसों, सोने-चांदी जैसी चीजों शो ऑफ करने के बारे में होने लगा। इस आईडिया से अलग हटकर कुछ देसी रैपर भी थे, जो भारत के छोटे हिस्सों में गरीबी और राजनीति के बारे में लिखकर अपनी भड़ास निकाल रहे थे। यही बात आम जनता को पसंद आई और तब हमें मिले डीवाइन और नैज़ी !
विवियन फ़र्नांडिज़ यानी डीवाइन ने साल 2011 में अपने गाने ये मेरा बॉम्बे से लोकप्रियता हासिल की थी। हालाँकि मेनस्ट्रीम सफलता उन्हें रैपर नैजी के साथ मेरी गली में गाने और नुक्लेया के साथ सीन क्या है गाने के बाद मिली। डीवाइन का बॉलीवुड डेब्यू था फिल्म मुक्काबज़ का गाना पैंतरा। इस गाने के लिए भी डीवाइन ने नुक्लेया के साथ काम किया था।
डीवाइन ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी में रैप करके की थी। लेकिन बाद में उन्होंने हिंदी में रैप करना शुरू किया, जिसकी वजह से उनका रैप छोटे-छोटे रिक्शा वाले से लेकर हर तरह की जनता तक पहुंचा। वे मुंबई फाइनेस्ट नाम के हिप हॉप क्रू का हिस्सा थे। अपने एक इंटरव्यू में डीवाइन ने बताया था कि वे शुरुआत में अपने मज़े के लिए रैप करते थे और बाद में उन्होंने इसमें करियर बनाने का फैसला किया। उन्होंने बताया 'मैं जो भी हूँ इसलिए हूँ क्योंकि मैं अपनी ज़्यादातर ज़िन्दगी में अकेला रहा हूँ। मेरी माँ और मेरा भाई, मेरे पिता के जाने के बाद नौकरियां करते थे। मैं घर पर बैठकर 5 घंटो तक लिखता था और पूरा-पूरा दिन अपने लिखे गानों को ठीक करने की कोशिश करता था।
डीवाइन अपनी नानी के साथ मुंबई के जेबी स्लम में रहते थे और रैप उनका अपना गुस्सा व्यक्त करने और अपनी ज़िन्दगी की कहानी बताने का जरिया था। डीवाइन के मुताबिक ऐसा ही कुछ उन्होंने अपने गाने जंगली शेर में किया है।
वहीं नैजी की बात करें तो नवेद शेख उर्फ़ नैजी, 13 साल की उम्र में हॉलीवुड के रैपर शॉन पॉल के गाने टेम्परेचर से काफी प्रभावित हुए थे। 22 साल की उम्र में उन्होंने आफत नाम की एक म्यूजिक विडियो रिलीज़ की थी। आफत विडियो, नैजी की खुद की बनाई हुई थी। उन्होंने मुंबई के खालसा कॉलेज के अपने दोस्तों के साथ मिलकर द स्किजोफ्रेनिक नामक हिप हॉप एल्बम के साथ अपनी रैपिंग की यात्रा की शुरुआत की थी। इसी विडियो के चलते नैजी ने बॉम्बे 70 की डॉक्यूमेंटरी में जगह बनाई। अब खबर है कि वे फिल्म गली बॉय के लिए गुलज़ार के साथ मिलकर गाने लिखने वाले हैं।
फिल्म गली बॉय में हम अपने देश के देसी रैपर्स की कहानी को देखेंगे और इससे हमें उनके काम को समझने में भी मदद मिलेगी।