बॉलीवुड की 7 आने वाली फ़िल्में इन किताबों पर आधारित हैं !
बॉलीवुड में हमेशा से ही फिल्मों के लिए अच्छी कहानियों पर काम करने का चलन रहा है। जहां कई स्क्रिप्ट राइटर एक बढ़िया फिल्म की कहानी लिखने में दिन रात मेहनत करते हैं वहीं कई बार कुछ मशहूर लेखकों की किताबों से भी प्रेरित होकर उनपर फ़िल्में बनाई जाती हैं। किताब पढ़ने के हर शौक़ीन इंसान के दिमाग में कभी ना कभी ये बात ज़रूर आती है कि उनका पसंदीदा किरदार अगर असली दुनिया का हिस्सा होता तो कैसा दिखता या फिर उनकी कहानी कैसी होती। बॉलीवुड की फ़िल्में हमारी यही सोच सच करती हैं। हम सभी ने पहले भी बॉलीवुड में बढ़िया किताबों पर आधारित फ़िल्में जैसे देवदास, परिणीता और साहिब बीवी और ग़ुलाम देखी हैं।
अब आने वाले समय में भी आपको बहुत सी ऐसी बॉलीवुड फ़िल्में देखने को मिलेंगी जो किताबों पर आधारित हैं। ये फ़िल्में आपको अच्छी कहानियां तो देंगी ही साथ ही आपका मनोरंजन भी करेंगी। आइये आपको बताते हैं किन किताबों पर आधारित है बॉलीवुड की आने वाली फ़िल्में -
राज़ी - कॉलिंग सहमत
लेखक हरिंदर सिक्का की डेब्यू नॉवेल कॉलिंग सहमत पर डायरेक्टर मेघना गुलज़ार फिल्म 'राज़ी' बना रही हैं। ये किताब एक असल ज़िन्दगी के स्पाई की ज़िन्दगी पर लिखी काल्पनिक कहानी है। मेघना की फिल्म 'राज़ी' में एक्ट्रेस आलिया भट्ट एक कश्मीरी मुस्लिम महिला का किरदार निभा रही हैं और एक्टर विक्की कौशल उनके पति बने हैं, जो कि एक पाकिस्तानी अफसर हैं।
ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान
डायरेक्टर विजय आचार्य की ये फिल्म लेखक फिलिप मेडोज टेलर की साल 1839 में लिखी गयी किताब कंफेशंस ऑफ़ ठग्स पर आधारित है। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर आमिर खान, अमिताभ बच्चन, कैटरीना कैफ और फातिमा सना शेख काम कर रहे हैं। ये फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर 7 नवम्बर को रिलीज़ होगी।
द फाल्ट इन आवर स्टार्स
अमेरीकी लेखक जॉन ग्रीन की साल 2012 में आई मशहूर किताब 'द फाल्ट इन आवर स्टार्स' पर हॉलीवुड में पहले से ही फिल्म बन चुकी है। अब बॉलीवुड डायरेक्टर करण जौहर इस फिल्म का हिंदी रीमेक बनाने जा रहे हैं। ये फिल्म कैंसर पीड़ित लड़की की कहानी है, जो जीने की इच्छा खो चुकी है। इस फिल्म में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत और न्यू कमर एक्ट्रेस संजना संघी मुख्य किरदार निभा रहे हैं।
द ज़ोया फैक्टर
साल 2008 में आई लेखिका अनुजा चौहान की किताब 'द ज़ोया फैक्टर' पर फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म में सोनम कपूर मुख्य किरदार निभाएंगी और साउथ के स्टार दुलकर सलमान उनके साथ होंगे। ये फिल्म 5 अप्रैल 2019 को रिलीज़ होगी।
द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर इंडियन पॉलिसी एनालिस्ट संजय बारु द्वारा लिखी किताब 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर: द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ़ मनमोहन सिंह' पर प्रोड्यूसर हंसल मेहता फिल्म बना रहे हैं। इस फिल्म में अनुपम खेर मनमोहन सिंह का किरदार निभाएंगे।
इंदिरा: इंडियाज मोस्ट पावरफुल प्राइम मिनिस्टर
पत्रकार और लेखिका सागरिका घोष की लिखी किताब 'इंदिरा: इंडियाज मोस्ट पावरफुल प्राइम मिनिस्टर' पर फिल्म बनने जा रही है, जिसमें एक्ट्रेस विद्या बालन भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी का किरदार निभाएंगी।
द कंफेशंस ऑफ़ सुल्ताना डाकू
लेखक सुजीत सराफ की 2009 में किताब 'द कंफेशंस ऑफ़ सुल्ताना डाकू' पर डायरेक्टर मधुरीता आनंद फिल्म 'सुल्ताना डाकू' बनाने जा रही हैं। ये फिल्म 1920 के मशहूर डकैत सुल्ताना और उसके घोड़े चेतक की कहानी पर आधारित होगी। इस फिल्म में एक्टर रणदीप हुडा मुख्य किरदार निभाएंगे।