वो एक्सीडेंट जिसने हिमेश रेशमिया को सिंगर बना दिया !

    वो एक्सीडेंट जिसने हिमेश रेशमिया को सिंगर बना दिया !

    वो एक्सीडेंट जिसने हिमेश रेशमिया को सिंगर बना दिया !

    साल 2006, हम लोग स्कूल में हुआ करते थे। ये वो दौर था जब हमें घरवाले नहीं समझ आते थे और घरवालों को हम। और इसी वक़्त हम उन एहसासों को पहली बार समझ रहे थे जिसे बॉलीवुड फिल्मों में प्यार, क्रश और इश्क कहा जाता है। लेकिन इन एहसासों के लिए हमारे पास शब्द नहीं थे, स्कूल और ट्यूशन में हम सभी को कोई न कोई ‘स्पेशल’ लगने लगा था। वो एक इन्सान जिसे देखकर हम सब कुछ भूल जाते थे और अक्सर जहां होते थे, वहीँ जम जाते थे। तभी एक दिन टीवी पर एक गाना सुनाई दिया, जिसका सिंगर दम भर चीखते हुए गा रहा था- ‘ओ हुज़ूर... तेरा, तेरा, तेरा सुरूर’ ! 

    ये वो पहला मौका था जब हमें लगा कि इस गाने में कुछ वैसा ही फील है जिसे अबतक महसूस कर रहे थे। इस गाने का सिंगर थे हिमेश रेशमिया। हिमेश उस वक़्त रॉकस्टार थे, वो एक कैप लगाकर गाते थे और उनका माइक पकड़ने का तरीका भी उससे बहुत अलग था। उनके चेहरे पर एक अलग ही उदास किस्म का लुक था, जो उन सब को समझ आता था, जो पहली बार प्यार में रिजेक्ट हुए थे। हिमेश रातोंरात उन सब के देवता हो गए थे। उनका एल्बम ‘तेरा सुरूर’ हाथों-हाथ बिका और अज तक सबसे ज़्यादा बिकने वाला म्यूजिक एल्बम बन गया। वैसे उस दौर में हम सबको लगता कि हिमेश भी हम लोगों की ही तरह, प्यार में पहली बार नाकाम हुआ कोई आशिक़ है, इसीलिए उसके चेहरे पर ये उदासी है। 

    लेकिन बाद में पता चला कि ये दुःख किसी लड़की की वजह से नहीं, बल्कि उनके भाई की वजह से था। हिमेश आज बॉलीवुड म्यूजिक में बहुत बड़ा नाम हैं और उनके बनाए गाने ज़बरदस्त हिट होते हैं। लेकिन उनके म्यूजिक के पीछे सबसे बड़ा हाथ, उनके भाई का है। वो भाई, जो आज दुनिया में नहीं है। दरअसल, हिमेश के पिता जी को संगीत का बहुत शौक था और वो चाहते थे कि उनके बच्चे संगीत की दुनिया में जाएं। हिमेश के बड़े भाई ने संगीत को चुना और आगे बढ़ने लगे। लेकिन एक दिन, एक भयानक एक्सीडेंट में वो इस दुनिया को अलविदा कह गए। हिमेश की उम्र उस वक़्त केवल 11 साल थी और इस घटना का हिमेश पर बहुत असर पड़ा।

    भाई के जाने के बाद हिमेश ने ठाना कि वो अपने पापा के इस सपने को पूरा करेंगे और उन्होंने संगीत को अपना सफ़र बना लिया। हिमेश की लगन और मेहनत सफ़ल हुई और वो बॉलीवुड में बहुत आगे बढ़ते गए। हिमेश अपने पापा को बहुत मानते हैं और उनसे बहुत लगाव रखते हैं। वो आज भी अपना हर गाना, तैयार करने के बाद, पहले अपने पापा को सुनाते हैं और उन्हें पसंद आने के बाद ही आगे बढ़ते हैं।