कॉमेडियन कीकू शारदा पर लगा धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस थाने में FIR दर्ज !
कपिल शर्मा के शो में कॉमेडियन बच्चा यादव का किरदार निभाने वाले कीकू शारदा के नाम पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। रिपोर्ट्स की माने तो बॉलीवुड फिल्मों के आर्ट डायरेक्टर नितिन कुलकर्णी ने कीकू समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ अबोली पुलिस थाने में धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज करवाई है। नितिन के अनुसार ये 6 लोग मुंबई फेस्ट नामक चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े हैं, जिन्होंने उनके साथ 50.70 लाख की धोखाधड़ी की है।
कीकू मुंबई फेस्ट चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रोमोटर बताये गए हैं। लेकिन कीकू ने अपने आप को इस ट्रस्ट का हिस्सा नहीं बताया है। उन्होंने कहा है कि बाकी सेलेब्स के तरह उन्होंने भी इस ट्रस्ट के फंक्शन में भाग लिया था लेकिन वो इस ट्रस्ट के सदस्य नहीं हैं। हालांकि उनके पिता अमरनाथ शारदा इस ट्रस्ट के सेक्रेटरी हैं। कीकू ने कहा इस मामले में उनका नाम खींचा जा रहा है।
नितिन कुलकर्णी ने पुलिस शिकायत में बताया है कि पिछले साल जनवरी में मुंबई फेस्ट की तरफ से उन्हें तीन दिन तक चलने वाले इवेंट के लिए बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए ग्राउंड में सेट तैयार करने को कहा गया था। इस काम के लिए दोनों के बीच 50.70 लाख के लेनदेन की बात की गई थी। उन्हें इस काम के बदले उन्हें चेक दिया गया जो बाउंस हो गया। पैसा ना मिलने पर नितिन ने पुलिस का सहारा लिया।