टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी पति अभिनव कोहली के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करने को लेकर सुर्ख़ियों में आई है। श्वेता ने अभिनव पर घरेलू हिंसा और बेटी पलक तिवारी के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। अब इस मामले में श्वेता की बेटी पलक ने चुप्पी तोड़ी है।
पलक ने अपने इन्स्टाग्राम पर लिखा है- सबसे पहले, मैं उन सभी का शुक्रिया करना चाहती हूं जिन्हें हमारी फ़िक्र हुई और हमें सपोर्ट किया। दूसरी बात मैं कुछ चीजों को क्लियर करना चाहती हूं।' पलक ने आगे लिखा ‘मीडिया बिना किसी फैक्ट के कुछ भी न लिखे। मैं पलक तिवारी, घरेलू हिंसा का शिकार मेरी मां नहीं बल्कि मैं हुई थी। खबर पढ़ते समय अक्सर यह भूल जाना आसान होता है कि सच्चाई क्या, बंद दरवाजों के पीछे क्या होता है या मेरी मां ने अपने दोनों विवाह में कितना कुछ सहन किया है। आप जिसके बारे में लिख रहे हैं वो किसी की घर परिवार है, किसी का जीवन है, जिस पर आप बाते बना रहे हैं। आप में से कई लोग ऐसी बुरी सिचुएशन में किसी का साथ नहीं दे सकते हैं। इसलिए आपको इतना पक्षपाती, गलत विचारों के साथ से किसी और की इमेज पर कमेंट करने और चर्चा करने का हक़ नहीं है।'
पलक ने अपनी पोस्ट में ये भी साफ़ किया कि उनके सौतेले पिता ने उन्हें मोलेस्ट नहीं किया है। उन्होंने लिखा 'अभिनव कोहली ने कभी भी मेरे साथ शारीरिक छेड़छाड़ नहीं की और न ही कभी अनुचित तरीके से छुआ।' बता दें, शिकायत में ऐसा कहा गया था कि साल 2017 में अभिनव ने उन्हें मॉडल्स की अश्लील फ़ोटोज़ दिखाई थी। खैर, अभिनव फिलाहल पुलिस हिरासत में हैं।