रणवीर सिंह के लिए 'सिम्बा' की कीमत 100 करोड़ क्लब से कहीं ज्यादा है, ये हैं 5 बड़ी वजह !

    रणवीर सिंह के लिए 'सिम्बा' की कीमत 100 करोड़ क्लब से कहीं ज्यादा है, ये हैं 5 बड़ी वजह !

    रणवीर सिंह के लिए साल 2019 बहुत बेहतरीन शुरुआत लेकर आया है। 2018 के अंत में 28 दिसंबर को रिलीज़ हुई उनकी फिल्म ‘सिम्बा’ ने साल के पहले 2 दिन बहुत ज़बरदस्त कमाई की है। ‘सिम्बा’ ने अबतक 5 दिन में 139 करोड़ कमा चुकी है। रणवीर सिंह के करियर में ‘सिम्बा’ चौथी फिल्म है जिसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।

    लेकिन रणवीर के लिए ये बात केवल 100 करोड़ की नहीं है। ‘सिम्बा’ रणवीर के लिए 100 करोड़ से कहीं ज्यादा मायने रखती है।

    आइए आपको बताते हैं 100 करोड़ के अलावा, रणवीर के लिए ‘सिम्बा’ क्यों बहुत मायने रखती है:

    1. रणवीर की एक्टिंग रेंज की ताकत 

    रणवीर सिंह बॉलीवुड के अगले सुपरस्टार हैं, इसमें शक किसी को भी नहीं था। मगर अभी तक उन्हें सिर्फ ऐसी फिल्मों में सफलता मिली है, जो मास-मसाला नहीं थीं। मतलब कि पूरी तरह मसाला फिल्मों में अभी तक रणवीर का पोटेंशियल चेक नहीं हुआ था। ‘बाज़ीराव मस्तानी’, ‘राम लीला’ और ‘पद्मावत’ अलग तरीके की कहानियां थीं, जिनके लिए रणवीर ने मेथड तरीके से तैयारियां की थीं। इसलिए ‘सिम्बा’ के हिट होने से रणवीर ने दिखा दिया है कि वो मसाला फिल्मों को भी हिट करा सकते हैं।

    2. संजय लीला भंसाली की छांव से बाहर आना

    ‘सिम्बा’ से पहले रणवीर की पहली तीनों बड़ी फ़िल्में संजय लीला भंसाली ने डायरेक्ट की थीं। संजय लीला भंसाली पीरियड फिल्मों के बादशाह माने जाते हैं। ऐसे में उनके साथ काम करते-करते रणवीर की इमेज ये बन गई थी कि वो ऐसी फ़िल्में ही संभाल सकते हैं। रोहित शेट्टी एक्शन-मसाला फिल्मों में ब्रांड की तरह हैं। और उनके साथ ‘सिम्बा’ जैसी बड़ी हिट फिल्म देकर रणवीर के कद में भी इजाफा हुआ है।

    3. एक्शन में अपनी पहचान बनाना 

    रणवीर ने इससे पहले भी स्क्रीन पर काफी एक्शन किया है। ‘पद्मावत’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ में उन्होंने खूब तलवार चलाई और घोड़े दौड़ाए। लेकिन ये काफी ट्रेनिंग वाला मामला था। स्क्रीन पर लात-घूंसे चलाने वाला एक्शन करने का भरपूर मौक़ा नहीं मिला था। ‘सिम्बा’ में जो एक्शन रणवीर ने किया है वो जनता से सीटियां बजवाने वाला एक्शन है।

    4. दीपिका के बिना और अकेले अपने दम पर हिट फिल्म देना 

    ‘सिम्बा’ से पहले रणवीर की बड़ी हिट फिल्मों में लीड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण थीं। दीपिका का ओहदा बॉलीवुड में बहुत बड़ा है और कई बार लोगों को ये भी लगा कि हिट फिल्म देने के लिए रणवीर के साथ दीपिका का होना ज़रूरी है। लेकिन ‘सिम्बा’ में ये बात भी बदल गई। इससे पाहे रणवीर ने अकेले ‘बेफिक्रे’ की थी, जो फ्लॉप फिल्म थी। इसलिए अकेले दम पर हिट फिल्म देना रणवीर के लिए बहुत ज़रूरी था।

    5. शादी का तोहफा 

    यूं तो शादी का बॉक्स-ऑफिस से कुछ भी लेना देना नहीं है। लेकिन अगर शादी के कुछ ही दिन बाद प्रोफेशनली कुछ बहुत अच्छा हो तो शादी का तोहफा मिलने जैसी फीलिंग आती है। और शादी के बाद ‘सिम्बा’ जैसी बड़ी कामयाबी तो रणवीर को यकीनन किसी बड़े मैरिज गिफ्ट जैसी फीलिंग आ रही होगी।