शेखर सुमन की माँ का निधन, एक्टर ने पोस्ट शेयर कहा -'खुद को अनाथ महसूस कर रहा हूं'

    शेखर सुमन की माँ का निधन

    शेखर सुमन की माँ का निधन, एक्टर ने पोस्ट शेयर कहा -'खुद को अनाथ महसूस कर रहा हूं'

    बॉलीवुड एक्टर और टीवी होस्ट शेखर सुमन के घर मातम पसर गया है। एक्टर ने अपनी माँ को खो दिया है। माँ का निधन गुरुवार को हुआ। इस बात की जानकारी खुद शेखर और उनके बेटे अध्ययन सुमन ने अपने सोशल मीडिया पर दी। शेखर अपनी माँ के बेहद करीब थे। उनके दुनिया से यूं चले जाने से वो खुद को अनाथ महसूस कर रहे हैं।


    शेखर सुमन ने अपने इमोशनल पोस्ट में लिखा, 'मेरी प्यारी मां, जिसे मैंने इस दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार किया, उनका स्वर्गवास हो गया है। मैं खुद को अनाथ और तबाह महसूस कर रहा हूं। हर समय हम सभी के लिए मौजूद रहने के लिए शुक्रिया मां। मैं आपको अपनी अंतिम सांस तक याद करता रहूंगा। आपकी दुआओं और आशीर्वाद के लिए शुक्रिया।'

    शेखर सुमन के बेटे अध्ययन ने दादी के निधन पर उनके साथ अपने बचपन की तस्वीर शेयर की है। दादी को श्रद्धांजलि देते हुए अध्ययन ने लिखा, 'हमारी प्यारी मां शांत हो गईं। वह बहुत स्ट्रॉन्ग थीं। आखिरी सांस तक लड़ती रहीं। प्रार्थना और शांति।'

    बता दें, शेखर सुमन की माँ किडनी समस्या से जूझ रही थीं। हाल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था जिससे उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई थी। पिछले दिनों अध्ययन ने एक पोस्ट शेयर करते हुए दादी के लिए प्रार्थना करने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था-  'मैं हर बुधवार मंदिर जाता हूं और गणपति जी से आशीर्वाद व अच्छी सेहत मांगता हूं। आज मैं आपसे हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि मेरे साथ मेरी दादी के लिए प्रार्थना कीजिए। वह किडनी ट्रांसप्लांट पेशेंट हैं।' अब अध्ययन की दादी इस दुनिया में नहीं रहीं।