मुंबई पुलिस ने कहा- बादशाह ने माना 72 लाख में खरीदे करोड़ो व्यूज, रैपर का आरोपों से इनकार

    मुंबई पुलिस ने कहा- बादशाह ने माना 72 लाख में खरीदे करोड़ो व्यूज

    मुंबई पुलिस ने कहा- बादशाह ने माना 72 लाख में खरीदे करोड़ो व्यूज, रैपर का आरोपों से इनकार

    रैपर बादशाह पर फेक व्यूज खरीदे का आरोप लगा है। उनसे मुंबई पुलिस ने इस बारे में पूछताछ भी की। मुंबई पुलिस के मुताबिक, बादशाह ने माना है कि उन्होंने 7.2 करोड़ व्यूज खरीदने के लिए 72 लाख रुपये चुकाए, ताकि वो रिकॉर्ड बना सकें।

    मुंबई मिरर के मुताबिक, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस नंदकुमार ठाकुर ने कहा, ''सिंगर ने माना है कि वो यूट्यूब पर 24 घंटे में सबसे ज्यादा व्यूज पाने का रिकॉर्ड ब्रेक करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने इस कंपनी को 72 लाख रुपये दिए।'' एक दूसरे अधिकारी ने बताया, ''पागल है (बादशाह का गाना) के अलावा हम उनके बाकी गानों की भी सोशल मीडिया पर जांच कर रहे हैं।''

    बादशाह ने आरोपों से किया इनकार
    बादशाह ने एक बयान जारी कर कहा है, ''समन मिलने के बाद मैंने मुंबई पुलिस से बात की है। मैंने जांच में अधिकारियों का सहयोग किया है, साथ ही अपने पास उपलब्ध सभी जानकारी उन्हें दे दी है। मैंने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों का स्पष्ट तौर पर खंडन किया है और स्पष्ट किया है कि मैं कभी इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं रहा हूं और ना ही मैं उसका समर्थन करता हूं।''

    आगे उन्होंने लिखा, ''जांच प्रक्रिया कानून के अनुसार चल रही है, और मुझे इस मामले को देख रही संस्थाओं पर पूरा भरोसा है। मैं उन सभी लोगों को शुक्रिया कहना चाहूंगा जिन्होंने अपनी चिंता व्यक्त की है। ये मेरे लिए बहुत मायने रखता है।''