रूस में सम्मानित होंगी बॉलीवुड अभिनेत्री हेमामालिनी !

    रूस में सम्मानित होंगी बॉलीवुड अभिनेत्री हेमामालिनी !

     बॉलीवुड स्टार हेमामालिनी ड्रीमगर्ल के नाम से प्रसिद्ध हैं। हेमा मथुरा से भाजपा सांसद हैं। हाल ही में हेमामालिनी के खाते में एक और सफलता जुड़ गयी है। हेमामालिनी को रूसी फिल्म उद्योग कला के क्षेत्र में उनके योगदान एवं रूस में उसे लोकप्रिय बनाने के लिए किये गये प्रयासों के फलस्वरूप सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गुरुवार को मास्को में चौथे भारतीय फिल्म उत्सव के उद्घाटन अवसर पर रूस के उप संस्कृति मंत्री ओब्रिवेलिन सर्गेई निकोलाईिवच एवं रूस में भारत के राजदूत पंकज सरन के हाथों प्रदान किया जायेगा। इसके साथ ही फ़िल्म निर्देशक मधुर भंडारकर को उनकी फ़िल्म इंदु सरकार के लिए भी सम्मानित किया जाएगा। भंडारकर इस फ़िल्म के सह-निर्माता और लेखक भी हैं। 

    ख़बर है कि हेमामालिनी ने इसी महीने देश के चार महानगरों में जार्जिया एवं भारत के कलाकारों के सहयोग से तैयार दोनों देशों के परंपरागत नृत्यों के अभूतपूर्व कार्यक्रम सिनर्जी का सफलतापूर्वक आयोजन किया और अगले वर्ष उन्होंने इसी कड़ी में रूसी कला के प्रदर्शन का निर्णय लिया है। हेमामालिनी ने भाषा संवाददाता को फोन  करके बताया कि बुधवार रात रूस सरकार के निमंत्रण पर वो मास्को रवाना हो रही हैं।