इरफ़ान के आखिरी ट्वीट से लेकर आखिरी फिल्म तक... उन्हें याद करने के लिए पीछे छूट गई हैं ये चीज़ें!

    इरफ़ान के आखिरी ट्वीट से लेकर आखिरी फिल्म तक

    इरफ़ान के आखिरी ट्वीट से लेकर आखिरी फिल्म तक... उन्हें याद करने के लिए पीछे छूट गई हैं ये चीज़ें!

    इरफ़ान खान का आज मुंबई में, 53 साल की उम्र में निधन हो गया। इरफ़ान वो शख्स थे जिनसे सभी को ये उम्मीद थी कि वो कैंसर को हराकर एक बार फिर वापिस लौटेंगे और हमें सिनेमा स्क्रीन पर एक बार फिर एक से बढ़कर एक किरदार देंगे। लेकिन अब इन सब बातों के लिए बहुत देर हो चुकी है और इरफ़ान इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। जाते-जाते इरफ़ान हम सबका जैसे एक हिस्सा ले गए हैं और अन्दर से खाली कर गए हैं। चाहे टीवी हो, या बॉलीवुड या हॉलीवुड, इरफ़ान हमेशा अपने काम के ज़रिए हमें याद रहेंगे। भारत के सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से एक इरफ़ान की ये आखिरी कुछ यादें हमें उनकी याद दिलाती रहेंगी:

    इरफ़ान की आखिरी इन्स्टाग्राम पोस्ट

    इरफ़ान ने अपनी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट 2018 में लिखी थी, अपने न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर से पहले। अपनी आखिरी पोस्ट में इरफ़ान ने अपने चेहरे और रेट की एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें उन्होंने एक बेहद खूबसूरत नोट शेयर किया था। इरफ़ान ने लिखा था, ‘ईश्वर हमें जैसे जैसे बनाता है, हम सब से बातें करता है और फिर ख़ामोशी से रात भर हमारे साथ चलता है; ये शब्द हम नहीं सुन पाते।’

    आखिरी फिल्म

    कैंसर का पता चलने के बाद इरफ़ान बहुत कमज़ोर हो गए थे। वो एक रेयर किस्म के कैंसर से लड़ रहे थे और वीक नज़र आने लगे थे। लेकिन फिर भी उन्होंने तय किया कि वो ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग करेंगे। इरफ़ान ने अपनी बीमारी का पता चलने के बाद जहाँ सारे प्रोजेक्ट कैंसिल कर दिए, वहीं वो दिनेश विजन की इस फिल्म के लिए शूट करते रहे। अपनी ख़राब हालत के बावजूद इरफ़ान अपने को-स्टार्स के साथ मस्ती-मज़ाक करते रहे। ‘अंग्रेजी मीडियम’ 20 मार्च को रिलीज़ हुई, लेकिन दर्शकों तक नहीं पहुँच पाई क्योंकि उसी दिन से कोरोना के डर ले कारण अधिकतर राज्यों ने अपने सिनेमा हॉल्स बंद करने शुरू कर दिए थे। बाद में ये फिल्म अमेज़न प्राइम पर आई और इसे लोगों ने बहुत पसंद किया।

    इरफ़ान के आखिरी ट्वीट से लेकर आखिरी फिल्म तक... उन्हें याद करने के लिए पीछे छूट गई हैं ये चीज़ें!

    फैन्स के लिए उनका आखिरी मैसेज

    इरफ़ान अपनी सेहत की वजह से ‘अंग्रेजी मीडियम’ नहीं प्रोमोट कर पाए थे। लेकिन उन्होंने फैन्स के नाम एक सन्देश जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मैं आपके साथ हूं भी और नहीं भी।’ उन्होंने ये भी कहा था कि उनके शरीर में कुछ बिन बुलाए मेहमान घुस आए हैं, जिनसे उनकी लड़ाई जारी है। इरफ़ान ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि जो भी होगा वो लोगों के साथ शेयर ज़रूर करेंगे।

    आखिरी ट्वीट  

    इरफ़ान ने अपना आखिरी ट्वीट लगभग 15 दिन पहले ही किया था, जिसमें उन्होंने अपने लेटेस्ट किरदार ‘मिस्टर चम्पक’ की बात की थी। ‘अंग्रेजी मीडियम’ का ये किरदार अब हमेशा यादगार बना रहेगा!

    अपने दमदार काम और इन यादों के ज़रिए इरफ़ान हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे। श्रद्धांजलि!