क्या दर्शकों का दिल धड़का पायेगी जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर की 'धड़क' !

    क्या दर्शकों का दिल धड़का पायेगी जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर की 'धड़क' !

    फिल्म ‘धड़क’ लम्बे समय से सुर्ख़ियों में बनी हुई है। और इसकी सबसे बड़ी वजह है दो नए कलाकारों का साथ आना है। श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जान्हवी कपूर और शाहिद के छोटे भाई ईशान खट्टर इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। इस फिल्म को लेकर दोनों के परिवार में भी एक्साइटमेंट बनी हुई है।

    करण जौहर के प्रोडक्शन में तले बन रही ये फिल्म मराठी फिल्म ‘सैराट’ का हिंदी रीमेक है। सैराट वो पहली मराठी फिल्म बनी थी जिसने न सिर्फ महारष्ट्र में बल्कि देशभर में धमाकेदार कमाई की। और इस फिल्म को कई और भाषाओं में बनाया जा चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैराट की तरह जान्हवी और ईशान की ‘धड़क’ भी ऑडियंस का दिल धड़का पायेगी या नहीं।

    तो ये बातें बताती हैं कि जान्हवी और ईशान की ‘धड़क’ दर्शकों की उम्मीद पर खरी उतर पायेगी या नहीं।

    सैराट या धड़क

    इसमें कोई शक नहीं है कि मराठी फिल्म ‘सैराट’ डायरेक्टर नागराज मंजुले का मास्टर पीस है। ये उन फिल्मों में शामिल है जिन्हें दोबारा किसी भी भाषा में नहीं दोहराया जा सकता है। लेकिन करण जौहर डायरेक्टर शशांक खेतान एक साथ ‘धड़क’ ला रहे हैं। जिसकी कहानी सैराट की है लेकिन प्रस्तुतीकरण अलग है। सैराट में मराठी भाषा का इस्तेमाल है। जब कि धड़क में ऐसी राजस्थानी बोली गई है, जिसे आसानी से समझा जा सकता है। ट्रेलर में दिखाए गए फिल्म के सीन बिल्कुल सैराट से कॉपी किये गए हैं। बस तरीका अलग और नया है।

    कहानी/प्लाट

    सैराट और धड़क की पूरी कहानी एक जैसी ही है। जहाँ एक गरीब परिवार के लड़के को अमीर घर की लड़की से प्यार हो जाता है। दोनों के परिवार में बवाल होता है और एक दिन लड़का लड़की भाग जाते हैं। हैपी एंडिंग की तरफ बढती इस कहानी में आखिरी में हीरो-हीरोइन मर जाते हैं। इस कहानी को सैराट के डायरेक्टर नागराज ने बेहद ही संजीदगी से दिखाया था। और यही कहानी धड़क की भी है। लेकिन ये देखना दिलचस्प होगा कि धड़क के डायरेक्टर शशांक ने इस कहानी को किस तरह पेश किया है। और शशांक के लिए इस फिल्म का सफल होन किसी बड़े चैलेंज से कम नहीं होगा क्योंकि शशांक के नाम अभी तक कोई भी फ्लॉप फिल्म नहीं है। उन्होंने वरुण धवन और अलिया भट्ट के साथ ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ जैसी सुपरहिट फ़िल्में बनाई हैं।

    किरदार और केमिस्ट्री

    धड़क से जान्हवी कपूर बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं। वहीं ईशान खट्टर इरानी फिल्म ‘बियॉन्ड द क्लाउड्स’ से एक्टिंग के क्षेत्र में कदम रख चुके हैं। जान्हवी की ये पहली फिल्म है जिसमें वो पार्थवी का किरदार निभा रही हैं। वहीं ईशान मधुकर की भूमिका में हैं। ट्रेलर में दिखाई दोनों की केमिस्ट्री जबरदस्त हैं। दोनों साथ में अच्छे भी लग रहे हैं। अब देखना होगा फिल्म में भी ये दोनों जबरदस्त लग रहे हैं या नहीं।  

    श्रीदेवी और जान्हवी कपूर

    जब से जान्हवी ने फिल्म ‘धड़क’ में काम करना शुरू किया है, तभी से उनकी तुलना माँ श्रीदेवी से की जाती है। जान्हवी काफी हद तक अपनी माँ जैसी ही दिखती हैं, लेकिन क्या वो अपनी माँ जैसी एक्टिंग भी करती हैं, इस बारे में जानने के लिए सभी बेताब हैं। लेकिन जान्हवी कई इंटरव्यू में कह चुकी हैं कि वो अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं। अब ये जानना सच में जरुरी है कि वो अपनी माँ श्रीदेवी की तरह ही हैं या उनसे अलग। वैसे ये तो फिल्म देख कर ही पता चलेगा।