मीका सिंह ने पाकिस्तान से वापस लौटने पर लगाए 'भारत माता की जय' के नारे, यूजर्स बोले - अब क्या फायदा

    मीका सिंह ने पाकिस्तान से वापस लौटने पर लगाए 'भारत माता की जय' के नारे

    मीका सिंह ने पाकिस्तान से वापस लौटने पर लगाए 'भारत माता की जय' के नारे, यूजर्स बोले - अब क्या फायदा

    सिंगर मीका सिंह ने जबसे पाकिस्तान में एक शादी में परफोर्म किया, तब से उनको आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी उन पर बैन लगाने का ऐलान कर दिया ताकि वो इंडस्ट्री में काम न कर पाएं। वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया में भी उन्हें काफी ट्रोल किया गया।

    यहां तक कि उनके फैंस भी उनसे नाराज हो गए। दरअसल ये मामला इसलिए गरमा गया था क्योंकि भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का फैसला किया है। इसके बाद से पाकिस्तान ने भारत के साथ व्यापारिक और डिप्लोमेटिक रिश्ते खत्म कर दिए। इसके अलावा समझौता एक्सप्रेस भी बंद कर दी।

    इन सबके बीच मीका सिंह ने पाकिस्तान में जिस शख्स की बेटी की शादी में परफोर्म किया, उसे पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का करीबी बतया गया। इसलिए ये मामला और ज्यादा उछल गया।

    अब मीका पाकिस्तान से वापस आ गए हैं। वो वाघा बार्डर के रास्ते आए और बार्डर पर उन्होंने भारत माता की जय के नारे लगाए। उन्होंने इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, लेकिन वो वापस कब आए इस बारे में जानकारी नहीं है।

    हालांकि उनकी इस वीडियो के बाद भी लोग नाराज हैं। एक यूजर ने लिखा, ''अब क्या फायदा, तेरा करियर तो गया पाकिस्तान में परफॉर्म करने के बाद। दूसरे यूजर ने लिखा- डैमेज हो चुका है।''