रणबीर कपूर करेंगे किशोर कुमार की बायोपिक, तीसरी बार बनेंगे सिंगर

    रणबीर कपूर करेंगे किशोर कुमार की बायोपिक

    रणबीर कपूर करेंगे किशोर कुमार की बायोपिक, तीसरी बार बनेंगे सिंगर

    रणबीर कपूर के फैंस उनकी अगली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रणबीर 'ब्रह्मास्त्र' और 'शमशेरा' में नजर आएंगे। हालांकि इस बीच फैंस के लिए एक और अच्छी खबर है। रणबीर लीजेंड सिंगर किशोर कुमार की बायोपिक में दिखेंगे। इस फिल्म को 'बर्फी' डायरेक्टर अनुराग बासु डायरेक्ट करेंगे। उन्होंने ही कंफर्म किया है कि रणबीर किशोर कुमार की बायोपिक करेंगे।

    फिल्मफेयर से हुए एक इंटरव्यू में अनुराग बासु ने कहा, ''किशोर कुमार की बायोपिक जरूर बनेगी। रणबीर और मैं इसके लिए कमिटेड हैं। लेकिन ये उनकी उपलब्धता और डेट्स पर निर्भर करता है। रणबीर मेरी पहली पसंद है।'' रणबीर और अनुराग साथ मिलकर 'बर्फी' और 'जग्गा जासूस' में काम कर चुके हैं।

    वैसे रणबीर इससे पहले दो बार फिल्मों में सिंगर की भूमिका निभा चुके हैं। पहले बार वो इम्तियाज अली की फिल्म 'रॉकस्टार' में सिंगर बने थे। इसके बाद 'ए दिल है मुश्किल' में भी उन्हें सिंगर के रोल में पसंद किया गया था।

    और अगर बायोपिक की बात करें तो रणबीर की पिछली फिल्म 2018 में आई 'संजू' थी। इसमें उन्होंने संजय दत्त का किरदार निभाया था। फिल्म हिट रही थी और लोगों ने रणबीर को संजय दत्त के रोल में काफी पसंद किया था। वहीं रणबीर की आने वाली 'ब्रह्मास्त्र' की बात करें तो फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। ये फिल्म दिसंबर 2020 में रिलीज होगी। इसके बाद रणबीर पूरी तरह से 'शमशेरा' की शूटिंग में बिजी हो जाएंगे।