ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में लॉकडाउन की वजह से नहीं पहुँच सकीं बेटी रिद्धिमा, लिखी इमोशनल पोस्ट!

    ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में नहीं पहुँच सकीं बेटी रिद्धिमा

    ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में लॉकडाउन की वजह से नहीं पहुँच सकीं बेटी रिद्धिमा, लिखी इमोशनल पोस्ट!

    ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा साहनी कपूर, अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुँच पाईं। रिद्धिमा अपने पापा के बहुत क्लोज़ थीं और रणबीर कपूर भी कई बार अपने इंटरव्यू में बोल चुके हैं कि रिद्धिमा पेरेंट्स की प्यारी बेटी हैं। रिद्धिमा ने अपने पापा के लिए इन्स्टाग्राम पर एक बहुत इमोशनल नोट शेयर करते हुए लिखा, ‘पापा मैं आपको बहुत प्यार करती हूं, मैं आपको हमेशा प्यार करती रहूंगी- रेस्ट इन पीस मेरे सबसे मज़बूत योद्धा। मैं आपको रोज़ मिस करुँगी, आपकी फेसटाइम कॉल्स को रोज़ मिस करूंगी! काश मैं आपको अलविदा कहने के लिए वहां हो पाती! हमारे अगली बार मिलने तक, आई लव यू पापा- आपकी मुश्क, हमेशा!’

    दरअसल, रिद्धिमा दिल्ली में हैं और देश भर में कोरोना क्राइसिस के कारण जारी लॉकडाउन में इस वक़्त उनका मुंबई जाना संभव नहीं था। हालांकि सुबह दिल्ली पुलिस ने उन्हें मुंबई जाने के लिए मूवमेंट पास दे दिया था। आर पी मीना, डीसीपी साउथ-ईस्ट, दिल्ली पुलिस ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया को बताया था, ‘हमने 10:45 के आसपास पांच लोगों को मुंबई तक ट्रेवल करने की इजाज़त दी है। हमने परिवार से संपर्क किया है और परिवार का सहयोग करेंगे। हमने केवल मूवमेंट पास अप्रूव किए हैं। ये साफ़ है कि ट्रेन और फ्लाइट्स बंद होने के कारण वो सड़क से ही सफ़र करेंगे।‘

    लेकिन समस्या ये थी कि 1400 किलोमीटर का सफ़र सड़क से करने में भी बहुत देर लग जाती। सूत्र ने बताया था कि रिद्धिमा ने जल्द से जल्द मुंबई पहुंचने की इजाज़त के लिए भी कोशिश की थी। उन्हें उड़ान भरने की इजाज़त दे दी गई थी लेकिन ये भी शाम 6 बजे के बाद ही संभव था। जबकि उधर मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार, इस खबर के लिखे जाने तक शुरू हो चुका है।