सुशांत सिंह राजपूत केस: मुंबई पुलिस को गलत बताने के लिए बने 80,000 से ज़्यादा फेक सोशल मीडिया अकाउंट!

    सुशांत सिंह राजपूत केस: 80,000 से ज़्यादा फेक अकाउंट

    सुशांत सिंह राजपूत केस: मुंबई पुलिस को गलत बताने के लिए बने 80,000 से ज़्यादा फेक सोशल मीडिया अकाउंट!

    सुशांत सिंह राजपूत के केस में न्याय की मांग को लेकर पिछले कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर कितना हल्ला रहा है ये हम सब जानते हैं। लेकिन इस मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मुंबई पुलिस की साइबर यूनिट ने पाया है कि सुशांत के केस में मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार की जांच पर संदेह पैदा करने के लिए सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर 80,000 से ज़्यादा फेक अकाउंट बनाए गए। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस कमिश्नर ने साइबर सेल को इस मामले में जांच करने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

    मुंबई पुलिस की साइबर यूनिट ने अपनी जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर इटली, जापान, पोलैंड, स्लोवेनिया, तुर्की और थाईलैंड और कई अन्य देशों से सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड किए गए। एक सीनियर आईपीएस अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, ‘हमने #justiceforsushant #sushantsinghrajput और #SSR जैसे हैशटैग्स के ज़रिए विदेशी भाषाओं में किए गए पोस्ट्स की पहचान की। हम और एकाउंट्स को वेरिफ़ाई करने के प्रोसेस में हैं।’

    मुंबई के पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह ने कहा, ‘ऐसे समय पर जब महामारी के कारण हमारे 84 पुलिसवालों की मौत हो गई थी और 6000 से ज़्यादा लोग वायरस से पीड़ित थे, सिर्फ हमारा मनोबल गिराने के लिए मुंबई पुलिस के खिलाफ ये कैम्पेन चलाया गया। ये अपने स्वार्थ की नीयत से, मुंबई पुलिस और हमारी जांच की छवि खराब करने के लिए चलाया गया एक मोटिवेटेड कैम्पेन था। सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस को अपमानजनक तरीके से टारगेट करने के लिए कई फेक अकाउंट बनाए गए। हमारी साइबर सेल इस मामले में गहन जांच कर रही है और जो भी कानून का उल्लंघन करते पाया जाएगा, उसे इन्फॉर्मेशन टेक्नॉलॉजी एक्ट की संबन्धित धाराओं के तहत सज़ा दी जाएगी।’