'पर्ल वी पुरी के खिलाफ हैं सबूत': डीसीपी ने एकता कपूर के गलत रेप आरोप का किया खंडन

    डीसीपी बोले- पर्ल वी पुरी के खिलाफ सबूत हैं

    'पर्ल वी पुरी के खिलाफ हैं सबूत': डीसीपी ने एकता कपूर के गलत रेप आरोप का किया खंडन

    टीवी एक्टर पर एक पांच साल की नाबालिग बच्ची के साथ शोषण और रेप का आरोप लगा है। ये मामला दो साल पहले का है। इस मामले में पुलिस ने उन्हें शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया और शनिवार को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    हालांकि तमाम टीवी सेलेब्स पुरी के सपोर्ट में उतर आए हैं। एकता कपूर, अनीता हसनानंदी, करिश्मा तन्ना, राखी सावंत, निया शर्मा और क्रिस्टल डिसूजा समेत कई कलाकारों ने उनका सपोर्ट किया है। हालांकि वसई डीसीपी का कहना है कि पुरी पर लगाए गए आरोप गलत नहीं है।

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की वीडियो में डीसीपी कह रहे हैं, ''नहीं, आरोप गलत नही हैं। उनका नाम जांच के लिए आया है। उनके खिलाफ सबूत हैं। इसलिए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। ट्रायल में सच सामने आएगा।''

    एकता कपूर ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि पुरी निर्दोष हैं और लड़की के पिता ने ये आरोप उन पर मढ़े हैं। एकता ने ये भी बताया था कि उन्होंने लड़की की मां से बात की है और लड़की की मां ने पुरी के केस में शामिल होने की बात नकारी है।

    पुरी का ये मामला साल 2019 में वसई इलाके के सेट का है। पुरी को अब सोमवार को सुनवाई के बाद ही बेल मिल पाएगी। पुरी ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में टीवी शो दिल की नजर से खूबसूरत से की थी। उन्हें नागिन 3 से काफी फेम मिला था।