इंडियन आइडल 12 पर पहुंचे रणधीर कपूर, भाइयों ऋषि और राजीव को याद कर हुए इमोशनल!

    इंडियन आइडल 12 पर पहुंचे रणधीर कपूर हुए इमोशनल!

    इंडियन आइडल 12 पर पहुंचे रणधीर कपूर, भाइयों ऋषि और राजीव को याद कर हुए इमोशनल!

    बॉलीवुड वेटरन रणधीर कपूर हाल ही में टीवी के पॉपुलर म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ पर पहुंचे थे। इस शो पर रणधीर, अपने दोनों स्वर्गीय भाइयों ऋषि और राजीव को याद कर भावुक हो गए और रो पड़े।

    रणधीर स्पेशल गेस्ट के तौर पर शो पर पहुंचे थे, जहां कंटेस्टेंट्स ने अपने संगीत के ज़रिए कपूर परिवार की विरासत को सेलिब्रेट किया। एपिसोड के दौरान पवनदीप राजन ने रणधीर के पिता, बॉलीवुड लेजेंड राज कपूर की फिल्म ‘जोकर’ का गाना ‘जीना यहां मरना यहां’ गाया।

    जब वो गाना गा रहे थे तो बैकग्राउंड में राज कपूर के साथ उनके तीनों बेटों रणधीर, राजीव और ऋषि की फोटो लगी हुई थी। गाना ख़त्म होने के बाद रणधीर ने कहा, “पुरानी यादें याद आ गईं और जो सामने तस्वीरें चल रही हैं उनमें मेरे दोनों भाई याद आ गए, जो हाल ही में हमारे साथ नहीं रहे। जहां भी हों, मैं उम्मीद करता हूं वो खुश हों और सुरक्षित हों। इसके लिए शुक्रिया पवन”।

    कपूर परिवार ने अप्रैल 2020 में ऋषि कपूर को खो दिया था। उनके पीछे उनकी पत्नी नीतू, बेटे रणबीर और बेटी रिद्धिमा हैं। उनके कुछ महीने बाद ही, इस साल फरवरी में उनके भाई राजीव कपूर का भी निधन हो गया था।