खतरों के खिलाड़ी 12: प्रतीक सहजपाल दूसरी बार शो से बाहर, इस कंटेस्टेंट की वाइल्ड कार्ड से हुई वापसी

    खतरों के खिलाड़ी 12 से प्रतीक सहजपाल एक बार फिर से बाहर हो गए है। रोहित शेट्टी उनसे नाराज दिखे। वहीं शो में दो और सेलेब्स को आने का चांस मिला था लेकिन एक ही बाजी मार पाया।

    खतरों के खिलाड़ी 12: प्रतीक सहजपाल दूसरी बार शो से बाहर, इस कंटेस्टेंट की वाइल्ड कार्ड से हुई वापसी

    रोहित शेट्टी का शो खतरों के खिलाड़ी 12 इन दिनों अच्छी खासी सुर्खियां बटोर रहा है। इस रिएलिटी शो को लोग खासा पसंद कर रहे हैं। हालांकि शनिवार को प्रतीक सहजपाल ने ना सिर्फ अपने फैंस बल्कि रोहित शेट्टी को भी निराश कर दिया। दरअसल प्रतीक सहजपाल की शो में दोबारा से वाइल्ड कार्ड एंट्री हुई थी। उन्हें अपना पूरा दमखम दिखाने का मौका मिला था लेकिन वो फेल हो गए।

    प्रतीक को एक स्टंट करना था जिसमें ऊंचाई और स्विमिंग दोनो का ही सामना करना था लेकिन वो पहले राउंड में ऐसा नहीं कर सके। उन्होंने दूसरा राउंड भी छोड़ दिया। जिसकी वजह से रोहित ने उन्हें एलिमिनेशन राउंड में डाल दिया। यहां उनका साथ रुबीना दिलैक और कनिका मान थीं। एलिमिनेश राउंड में पानी के ऊपर लटकती गाड़ियों में से फ्लैग्स निकालने थे लेकिन प्रतीक यहां भी मात खा गए और ये राउंड भी वो नहीं कर पाए। जिसकी वजह से उन्हें घर का रास्ता दिखा दिया गया।

    मिस्टर फैजू की एंट्री

    प्रतीक के जाने के बाद दो एक्स कंटेस्टेंट्स यानी फैजल शेख और सृति झा को बुलाया गया। अब दोनों में से एक को वाइल्ड कार्ड से एंट्री करने का मौका था। रोहित शेट्टी ने दोनों को एक स्टंट दिया जिसमें फैजल सफल रहे और उन्हें चुन लिया गया। जबकि सृति झा को वहीं से बाकी कंटेस्टेंट्स को अलविदा कहना पड़ा। हालांकि अभी तक के सफर में सृति ने अच्छा परफोर्म किया था। वैसे दोनों को एक साथ देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स में हड़बड़ी मच गई थी और उन्हें लग गया था कि उन्हें काफी तगड़ा कंपटीशन मिलने वाला है।

    फिलहाल शो में रुबीना दिलैक, राजीव अदातिया, जन्नत जुबैर, कनिका मान, मोहित मलिक, तुषार कालिया, निशांत भट बचे हुए हैं। अब इस लिस्ट में फैजल शेख शामिल हो गए हैं।

    Tags