बॉलीवुड छोड़ प्रियंका चोपड़ा ने जॉन सीना के साथ साइन की हॉलीवुड फिल्म 'हेड ऑफ स्टेट'

    प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड की और फिल्म साइन की है और इसमें जॉन सीना उनके साथ नजर आने वाले हैं... 

    बॉलीवुड छोड़ प्रियंका चोपड़ा ने जॉन सीना के साथ साइन की हॉलीवुड फिल्म 'हेड ऑफ स्टेट'

    प्रियंका चोपड़ा इन दिनों इंडिया मे हैं। वो अपने पति निक जोनस और बेटी मालती के साथ इंडिया आई हैं। वैसे तो वो इन दिनों अपनी अपकमिंग स्पाई थ्रिलर वेब सीरीज सिटाडेल की प्रमोशन में जुटी हैं लेकिन इसी बीच उनकी अगली फिल्म का नाम भी सामने आ गया है। प्रियंका चोपड़ा ने खुद डेडलाइन नाम की साइट की न्यूज को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और इसमें खबर है कि प्रियंका चोपड़ा जॉन सीना और इद्रिस एल्बा के साथ फिल्म हेड्स ऑफ स्टेट में काम करेंगी।

    प्रियंका चोपड़ा ने कैप्शन में लिखा है, ''ऑन टू द नेक्स्ट।" यानी वो अब अपने नए प्रोजेक्ट पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी इस हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग मई में शुरू होगी। इस फिल्म के बाद एक्ट्रेस को काफी बधाइयां मिल रही हैं।

    सिटाडेल के मेकर्स ने हाल ही में मुंबई में एक प्रीमियर रखा था, जिसमें प्रियंका और उनके को स्टार रिचर्ड मैडेन भी आए थे। इसके अलावा फिल्म इंडस्ट्री से वरुण धवन रेखा, सान्या मल्होत्रा, नोरा फतेही और नेहा धूपिया जैसे स्टार्स भी शामिल हुए थे। प्रियंका की ये सीरीज 28 अप्रैल से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

    प्रियंका सिर्फ सिटाडेल ही नहीं अपने एक पॉडकास्ट की वजह से भी पिछले दिनों खूब सुर्खियों में रही हैं। क्योंकि उन्होंने इसमें बॉलीवुड में होने वाली पॉलिटिक्स के बारे में बात की थी। प्रियंका ने बताया था कि कैसे उन्हें इसका शिकार होना पड़ा था और इसलिए वो यूएस शिफ्ट हो गई हैं। 

    वैसे प्रियंका की बॉलीवुड फिल्म की बात करें तो एक्ट्रेस फरहान अख्तर की फिल्म जी ले जरा में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ भी लीड रोल मे हैं। इसके अलावा एक्ट्रेस के पास कोई बॉलीवुड प्रोजेक्ट नहीं हैं। हालांकि जब पिछली बार जब एक्ट्रेस इंडिया आई थीं तो खबर उठी थी कि वो संजय लीला भंसाली की फिल्म में काम कर सकती हैं लेकिन ये खबर झूठी साबित हुई थी। 

    Tags