जल्द ही स्क्रीन पर साथ नज़र आएंगी बॉलीवुड की ये सुपरहिट जोड़ियां !
बॉलीवुड फिल्मों में ऑडियंस को जो जोड़ियां पसंद आ जाती हैं, उन्हें वो बार बार फिल्मों में देखना चाहते हैं। दर्शकों की इसी चाहत का नतीजा होता है कि 80 और 90 के दशक में बहुत सारी जोड़ियां दर्शकों की फ़ेवरेट हुआ करती थीं। जहां अमिताभ बच्चन-शशि कपूर, अमिताभ बच्चन-विनोद खन्ना, धर्मेन्द्र-जीतेन्द्र की जोड़ियां बॉलीवुड में बहुत पसंद की गईं, वहीँ अगर हीरो-हीरोइन की जोड़ी की बात करें तो अमिताभ बच्चन-रेखा, अनिल कपूर-माधुरी दीक्षित, और बाद में शाहरुख़ खान-काजोल की जोड़ी को दर्शकों ने बहुत पसंद किया।
समय के साथ एक्टर्स के करियर की दिशा बदलने लगती है और उन्हें मिलने वाले किरदार ऐसे नहीं रहते जिनमें जोड़ियों का खास महत्व हो। लेकिन जब भी कभी बॉलीवुड की आइकॉनिक जोड़ियां पर्दे पर साथ नज़र आती हैं, लोग काफ़ी एक्साइटेड होकर उन फिल्मों को देखने जाते हैं। 90s के दौर में पॉपुलर शाहरुख़ खान और काजोल की जोड़ी जब 2010 में फिर से फिल्म ‘माय नेम इज़ खान’ में नज़र आई तो लोगों ने फिर से इस जोड़ी को बहुत पसंद किया।
जल्द ही फिल्मों में पिछ्ले वक़्त की कई सारी पॉपुलर जोड़ियां साथ नज़र आने वाली हैं, आइए आपको बताते हैं इन जोड़ियों के बारे में-
सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा
सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी आखिर किसको पसंद नहीं है। फिल्म 'मुझसे शादी करोगी', 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' और 'सलाम-ए-इश्क; जैसी फिल्मों में इन दोनों ने कमाल किया था और अब प्रियंका और सलमान एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। सलमान की आने वाली फिल्म 'भारत' में प्रियंका उनकी हीरोइन होंगी। इसके साथ ही इस फिल्म में कैटरीना भी काम कर रही हैं।
संजय दत्त-माधुरी दीक्षित
90s में संजय और माधुरी की जोड़ी ने हमें ‘खलनायक’, ‘साजन’ और ‘थानेदार’ जैसी सुपरहिट फ़िल्में दी हैं। ये जोड़ी आखिरी बार साल 1997 में फिल्म ‘महानता’ में साथ नज़र आई थी। जल्द ही ये जोड़ी करण जौहर की एक फिल्म में साथ नज़र आएगी। ये फिल्म एक पीरियड ड्रामा फिल्म होगी और भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर आधारित होगी। अपने वक़्त में सुपरहिट रही ये जोड़ी एक बार फिर से वही पुराना कमाल दोहरा पाएगी या नहीं, ये देखने वाली बात होगी।
रणबीर कपूर और सोनम कपूर
फिल्म 'सावंरिया' में साथ काम करने वाले रणबीर और सोनम कपूर को दोबारा किसी फिल्म में साथ देखने की उम्मीद हम सभी लगभग खो चुके थे। इसका कारण था इन दोनों के रिश्तों में खटास होना। लेकिन अब सोनम और रणबीर एक्टर संजय दत्त की बायोपिक में साथ काम कर रहे हैं और हम सभी इन्हें देखने को बेताब हैं।
अनिल कपूर-माधुरी दीक्षित
इस जोड़ी के बारे में जितना कहा जाए उतना कम होगा। इन्होंने साथ में 1या 2 नहीं बल्कि 14 फिल्मों में काम किया है। ये जोड़ी आज भी बॉलीवुड फिल्मों की सबसे सुपरहिट जोड़ियों में से एक है। ये जोड़ी एक बार फिर से डायरेक्टर इन्दर कुमार की कॉमेडी फिल्म ‘टोटल धमाल’ में नज़र आएंगे।
मनोज बाजपेयी-तब्बू
इन दोनों ही एक्टर्स को अपनी डिफरेंट फिल्म चॉइस के लिए जाना जाता है और ये दोनों ही बॉलीवुड के सबसे शानदार एक्टर्स में से एक हैं। तब्बू और मनोज आखिरी बार 18 साल पहले फिल्म ‘घात’ में नज़र आए थे। अब एक बार फिर ये जोड़ी थ्रिलर फिल्म ‘मिसिंग’ में साथ नज़र आने वाली है।
सलमान खान और अनिल कपूर
'बीवी न.1', 'नो एंट्री' और 'युवराज' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके एक्टर सलमान खान और अनिल कपूर की जोड़ी एक बार फिर बड़े परदे पर वापस आ रही है। ये दोनों रेमो डीसूजा की फिल्म 'रेस 3' में साथ कम कर रहे हैं। जहां अनिल इस फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा शुरू से ही रहे हैं वहीं सलमान पहली बार रेस फ्रैंचाइज़ी से जुड़े हैं। इस फिल्म में सलमान नेगेटिव रोल में हैं और अनिल इस बार भी पुलिसवाले के रोल में हैं। ये दोनों क्या कमाल करके दिखाते हैं ये देखने वाली बात होगी।
अजय देवगन-माधुरी दीक्षित
ऐसा लग रहा है कि माधुरी दीक्षित अपने सभी पुराने साथियों के साथ काम करने जा रही हैं। अजय और माधुरी आखिरी बार फिल्म ‘ये रास्ते हैं प्यार के’ में साथ नज़र आए थे। अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘टोटल धमाल’ में अजय देवगन का भी एक रोल है। अब इस फ़िल्म मे इनके बीच रोमांटिक एंगल होगा या नहीं,ये देखने वाली बात होगी।
अमिताभ बच्चन-ऋषि कपूर
अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर, बॉलीवुड के लीजेंड्स हैं, इन दोनों ने साथ में ‘नसीब’, ‘कूली’ और ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी हिट फ़िल्में दी हैं। 27 साल पहले इस जोड़ी ने आखिरी बार फिल्म ‘अजूबा’ में साथ काम किया था। अब ये जोड़ी एक बार फिर से फिल्म ‘102 नॉट आउट’ में साथ नज़र आने वाले हैं।