विक्रम गोखले की मौत की खबर निकली झूठी, परिवार ने दिया हेल्थ अपडेट

    मिशन मंगल एक्टर विक्रम गोखले का अभी निधन नहीं हुआ है और उनके परिवार ने बताया है कि वो वेंटिलेटर पर हैं। जबकि उनकी डेथ की खबर बुधवार रात को फैल गई थी।

    विक्रम गोखले की मौत की खबर निकली झूठी, परिवार ने दिया हेल्थ अपडेट

    बीते बुधवार की रात को ये खबरें आने लगी थीं कि सीनियर एक्टर विक्रम गोखले का निधन हो गया है। 82 साल की उम्र में उन्होंने पुणे के दीनानाथ मंगेशकर हॉस्पिटल में अंतिम सांस लीं। ये भी कहा गया कि उनके अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को बालगंधर्व सभागृह ले जाया जाएगा और वहीं पर उनके दोस्त और करीबी लोग उनके दर्शन करेंगे। हालांकि ये खबर अब गलत साबित हो रही है। दरअसल उनकी बेटी और पत्नी ने बताया है कि वो जिंदा हैं।

    न्यूज एजेंसी एएनआई की तरफ से बताया गया कि विक्रम गोखले की बेटी ने कहा है, ''वेटरन एक्टर विक्रम गोखले अभी भी गंभीर हैं और लाइफ सपोर्ट पर हैं, उनका अभी तक निधन नहीं हुआ है। उनके लिए दुआ करते रहो।'' वहीं पत्नी ने ई टाइम्स से बात करते हुए कहा, ''वह कल दोपहर कोमा में चला गए थे, और उसके बाद से, उन्होंने छूने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वह वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टर कल सुबह तय करेंगे कि क्या करना है, इस पर निर्भर करते हुए कि वह सुधार कर रहे हैं, नहीं कर रहे हैं, या अभी भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।''

    गोखले की तबियत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी और वो पिछले 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत में बीच में थोड़ा सा सुधार जरूर हुआ था लेकिन फिर तबियत बिगड़ गई। कहा जा रहा था कि उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

    विक्रम गोखले को उनकी फिल्म हम दिल दे चुके सनम से सबसे ज्यादा फेम मिला था। उस फिल्म में वो उनके पिता के रोल मे थे। हालांकि गोखले ने फिल्मों में अपना डेब्यू साल 1971 में अमिताभ बच्चन की फिल्म परवाना से किया था। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। गोखले ने हिंदी के अलावा मराठी फिल्मों और टीवी की दुनिया में भी अपना नाम कमाया है। वो दूरदर्शन आने वाले पॉपुलर शो उड़ान का हिस्सा थे। ये शो 1989 से लेकर 1991 तक चला था।

    उनकी हिंदी फिल्मों की बात करें तो वो 'भूल भुलैया', 'दिल से', 'दे दना दन', 'हिचकी', 'निकम्मा', 'अग्निपथ', 'मिशन मंगल', आदि फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं। साल 2010 में उन्हें मराठी फिल्म अनुमति के लिए बेस्ट एक्टर के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था। उन्होंने मराठी फिल्म आघात से डायरेक्शन में भी अपना कदम रखा था और सोशल एक्टिविस्ट भी थे।

    Tags