मिली रिव्यू: जाह्नवी कपूर के कोल्ड फ्रीजर रूम की तरह ठंडी है ये फिल्म

    1.5

    मिली

    ये फिल्म एक ऐसी लड़की की कहानी दिखाती है जिसकी जिंदगी काफी नॉर्मल है। घर में एक पापा हैं जो उससे बहुत प्यार करते हैं, बॉयफ्रेंड भी है। लेकिन एक रात कुछ ऐसा होता है कि वो एक डीप फ्रिजर रूम में फंस जाती है और वो कैसे बचती है, ये पूरी फिल्म इसी को दिखाती है।

    Director :
    • मथुकुट्टी जेवियर
    Cast :
    • जाह्नवी कपूर,
    • सनी कौशल और मनोज पाहवा
    Genre :
    • सर्वाइवल ड्रामा
    Language :
    • हिंदी
    मिली रिव्यू: जाह्नवी कपूर के कोल्ड फ्रीजर रूम की तरह ठंडी है ये फिल्म
    Updated : November 04, 2022 12:18 PM IST

    जाह्नवी कपूर, सनी कौशल और मनोज पाहवा स्टारर फिल्म मिली बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है। 'गुंजन सक्सेना' के बाद जाह्नवी कपूर फिर एक ऐसी फिल्म में नजर आ रही हैं, जिसमें वो ही लीड एक्ट्रेस हैं। एक बार फिर जाह्नवी कपूर अपने बाप बेटी के रिश्ते को लेकर आ गई हैं। एक्ट्रेस कुछ नया करने से नहीं घबराती हैं, इसलिए उन्होंने इस बार मलयालम फिल्म हेलेन (2019) के रीमेक को चुना। उनके पापा बॉनी कपूर ने ही ये फिल्म प्रोड्यूस की है और ऑरिजनल फिल्म के डायरेक्टर मथुकुट्टी जेवियर ने ही इसे डायरेक्ट किया है। तो क्या इस बार जाह्नवी दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी। आइए जानते हैं इस रिव्यू में।

    फिल्म की कहानी?

    ये कहानी है मिली नौडियाल (जाह्नवी कपूर) की जो देहरादून में अपने पापा (मनोज पाहवा) के साथ रहती है और उसने नर्सिंग में ग्रेजुएशन की है। लेकिन अब वो एक मॉल में बर्गर बनाने वाले एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट में काम करती है। मिली का सपना है कि वो कनाडा जाएगी और वहां काम करके घर के कर्ज उतारेगी। देहरादून में उसका एक बॉयफ्रेंड समीर (सनी कौशल) भी है, जिसके बारे में उसके पापा को नहीं पता है। वो इसलिए क्योंकि वो चाहती है कि बॉयफ्रेंड पहले नौकरी करे फिर अपने पापा से मिलवाएगी। लेकिन समीर को जब दिल्ली में जॉब मिलती है,ठीक उससे पहले ही दोनों पुलिस के चक्कर में फंस जाते हैं और उन्हें पुलिस थाने जाना पड़ता है।

    मिली के पापा को पुलिस थाने बुलाया जाता है जिससे वो अपनी बेटी से बहुत नाराज हो जाते हैं। चूंकि मिली कनाडा जाने के लिए IELTS पास कर चुकी होती तो उसके पिता उसे जल्द से जल्द कनाडा ही भेज देना चाहते हैं, जबकि वो पहले उसे नहीं जाने देना चाहते थे। फिल्म में बाप और बेटी के बीच वैसे काफी प्यार दिखाया गया है। लेकिन जब पापा इधर नाराज हो जाते हैं और सनी जॉब के लिए दिल्ली जाने वाला होता है तो उसी रात मिली के साथ कुछ ऐसा होता कि वो बर्गर रेस्टोरेंट के कोल्ड फ्रीफर रूम में फंस जाती हैं। वहां वो 5 घंटे फंसी रहती है और अपने आप को जिंदा रखने की कोशिश करती है। फिल्म की कहानी इसी थीम पर टिकी हुई है। वहीं बाहर पापा और बॉयफ्रेंड दोनों ही मिली के लिए परेशान होते हैं और पूरी जान लगातार मिली को ढूंढते हैं। इस बीच पुलिस का एक बहुत ही खराब और बहुत ही बढ़िया दोनों चेहर देखने को मिलते हैं। आखिरकार मिली की जान -17 डिग्री सेल्सियस में कैसे बचती है। इसके लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

    क्या है बढ़िया?

    फिल्म में सेकेंड हाफ में जाह्नवी कपूर जब कोल्ड फ्रीजर रूम में होती हैं, तब वहां पर उन्होंने उस स्थिति में अपनी अच्छी एक्टिंग स्किल्स दिखाई हैं। बाकी कलाकार जैसे सनी कौशल, मनोज पाहवा, अनुराग अरोड़ा और संजय सूरी। मनोज पाहवा के पापा वाले कैरेक्टर पर आपको जितना ही प्यार आएगा, उतना ही पुलिस के रोल में नजर आए अनुराग अरोड़ा से आपको नफरत हो जाएगी। फिल्म में छोटे छोटे मोमेंट हैं जो आपको पसंद आएंगे, जैसे कैसे जाह्नवी अपने पापा से सिगरेट के सारे पैकेट्स निकलवाती है और वो जहां जहां पर छुपा कर रखे होते हैं, वो मजेदार है। वहीं लास्ट में मनोज पाहवा और सनी कौशल अस्पताल में जब साथ होते हैं तो वो देखना भी प्यारा लगता है। 

    कहां है कमी?

    फिल्म की सबसे बड़ी कमी है कहानी को बहुत ही स्लो पेस में पेश करना। पूरा फर्स्ट हाफ सिर्फ भूमिका बांधने में निकल जाएगा। आप इस बीच में आराम से अपनी सीट से उठकर वापस आ सकते हैं और आप कुछ खास मिस भी नहीं करेंगे। सेकेंड हाफ से आपको उम्मीदे बंधती है लेकिन सबकुछ इतना स्लो होता है कि आपको लगने लगता है कि अब ये फिल्म कब खत्म होगा। जाह्नवी कपूर को एक गढ़वाल की लड़की दिखाई गई है लेकिन कहीं से भी उनके और मनोज पाहवा में वो एक्सेंट नहीं मिलता है। बल्कि ऐसा लगता है कि कहानी यूपी के इलाहाबाद और लखनऊ या इसके किसी आसपास के शहर की कहानी है। म्यूजिक भले ही ए आर रहमान का है लेकिन लेकिन उनके म्यूजिक का टच बिल्कुल नहीं मिलेगा।

    फिल्म का अगर आपको ट्रेलर पसंद आया है और उसके हिसाब से आपने मन बना लिया कि आप फिल्म देखना चाहते हैं। तभी आप ये फिल्म देखने जा सकते हैं। उम्मीद है कि जाह्नवी अपनी अगली फिल्म में इससे कुछ बेहतर करती नजर आएं।

    Tags