मुंबई नहीं दिल्ली में होगा राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार, इस वजह से लिया गया फैसला

    राजू श्रीवास्तव हम सबको अलविदा कहकर दुनिया से चले गए हैं। उनके जाने के बाद परिवार वाले और फैंस सभी दुखी हैं। अब उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा।

    मुंबई नहीं दिल्ली में होगा राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार, इस वजह से लिया गया फैसला

    राजू श्रीवास्तव का बुधवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। 58 वर्षीय राजू को दिल का दौरा पड़ने के बाद 10 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तभी से उनकी स्थिति अस्थिर बनी हुई थी। राजू के जाने के बाद परिवार तो शोक मे है ही साथ ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी मातम छा गया है। राजू श्रीवास्तव का अब अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा। उन्हें मुंबई नहीं ले जाया जाएगा। उम्मीद की जा रही है थी कि उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लेकर जाएंगे।

    ई टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक सोर्स ने परिवार की स्थिति के बारे में बात करते हुए कहा, ''परिवार इस सच्चाई को मानने के लिए बहुत संघर्ष कर रहा है। यह उनके लिए बड़ा झटका है।" सोर्स ने आगे दिल्ली में ही अंतिम संस्कार करने का कारण बताते हुए कहा, ''राजू के भाई दिल्ली में रहते हैं। इसलिए उन्होंने फैसला किया कि शव को वापस मुंबई ले जाने के बजाय दिल्ली में दाह संस्कार करना आसान होगा।" रिपोर्ट के मुताबिक ये अंतिम संस्कार कल यानी 22 सितंबर सुबह 10 बजे होगा।

    राजू श्रीवास्तव को याद करके उनकी कॉमेडी बिरादरी के लोग दुखी हैं। कपिल शर्मा ने ट्वीट कर कहा, ''आज पहली बार आपने रुलाया है राजू भाई 💔 काश एक मुलाक़ात और हो जाती। ईश्वर आपको अपने चरणों में स्थान दें। आप बहुत याद आएँगे। अलविदा ओम् शांति।'' भारती सिंह ने अपनी पोस्ट में कहा, ''यह बहुत ही अविश्वसनीय और दिल तोड़ने वाला है। मेरी राजू जी और उनके परिवार के लिए दिल से प्रार्थना।'' वहीं सुनील ग्रोवर ने लिखा, ''राजू श्रीवास्तव जी भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। उन्होंने पूरे देश को खूब हंसाया। ये बहुत ही दुःख की बात है वह हमें छोड़कर चले गए। उनके दोस्तों और परिवार संग मेरी संवेदनाए।''

    Tags